Varanasi News: सारनाथ के सथवा में असामाजिक तत्वों ने तोड़ी हनुमान जी की मूर्ति, ग्रामीणों में भारी आक्रोश
मंदिर में स्थापित मूर्ति खंडित होने की सूचना पर पहुंची पुलिस; डीसीपी वरुणा ने दिए कड़ी कार्रवाई के निर्देश, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही टीमें।
वाराणसी, भदैनी मिरर। धर्मनगरी वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र अंतर्गत सथवा गांव से एक संवेदनशील मामला सामने आया है। यहाँ एक मंदिर में स्थापित हनुमान जी की मूर्ति को असामाजिक/अराजक तत्वों द्वारा खंडित कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।


घटना की सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। सारनाथ थाने की पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुँचकर स्थिति का जायजा लिया और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।
भवन मालिक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज
मामले की गंभीरता को देखते हुए मंदिर जिस जमीन पर बना है, उस जमीन/भवन के मालिक ने सारनाथ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग (FIR) पंजीकृत कर लिया है।

डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया:
"भवन मालिक की तहरीर पर सारनाथ थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। घटना में शामिल असामाजिक तत्वों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज को खंगाला जा रहा है।"

एसीपी सारनाथ ने दी मामले की जानकारी
घटनाक्रम के संबंध में जानकारी देते हुए एसीपी सारनाथ ने बताया कि मंगलवार को पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि एक मंदिर परिसर के अंदर स्थापित मूर्ति को किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा क्षतिग्रस्त कर दिया गया है।
"सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुँचा और जांच-पड़ताल शुरू की। भूमि स्वामी द्वारा दी गई एप्लीकेशन के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जिस भी व्यक्ति द्वारा यह कृत्य किया गया है, उसकी तलाश के लिए टीमें गठित हैं और विधिक कार्रवाई की जा रही है।"
पुलिस ने की शांति बनाए रखने की अपील
धार्मिक भावनाओं से जुड़े इस संवेदनशील मामले में ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। पुलिस प्रशासन ने ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों से शांति व सौहार्द बनाए रखने की अपील की है और आश्वासन दिया है कि दोषी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
