Varanasi News: सावधान! रथयात्रा मेला को लेकर वाराणसी में 15 जुलाई से रूट डायवर्जन लागू, इन रास्तों पर जाने से बचें
यातायात पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी ने जारी की एडवाइजरी; मेला क्षेत्र में सभी गाड़ियां नो-एंट्री, सभी पुराने पास निरस्त, जानें पार्किंग और वैकल्पिक मार्ग।
वाराणसी (भदैनी मिरर ब्यूरो): वाराणसी के प्रसिद्ध और ऐतिहासिक रथयात्रा मेला को सकुशल संपन्न कराने तथा आम जनमानस को जाम से निजात दिलाने के लिए यातायात पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी ने विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी और रूट डायवर्जन प्लान जारी किया है। दिनांक 16 जुलाई से 18 जुलाई 2026 तक चलने वाले इस मेले के दौरान भीड़ को देखते हुए यातायात पाबंदियां और डायवर्जन 15 जुलाई 2026 से ही आवश्यकतानुसार लागू कर दिए जाएंगे।


यातायात पुलिस के अनुसार, इस अवधि के दौरान पहले से जारी किए गए सभी प्रकार के वाहन पास पूरी तरह निरस्त रहेंगे। हालांकि, एम्बुलेंस, शव वाहन और आपातकालीन गाड़ियों को इन प्रतिबंधों से छूट दी जाएगी।
शहर के भीतर आंतरिक यातायात डायवर्जन व्यवस्था:
-
भेलूपुर से रथयात्रा: भेलूपुर चौराहा से रथयात्रा की तरफ जाने वाले वाहनों को कमच्छा तिराहा से खोजवा की तरफ मोड़ दिया जाएगा। ये वाहन साईं मंदिर, आकाशवाणी तिराहा होते हुए महमूरगंज के रास्ते जा सकेंगे।
-
नीमामाई से रथयात्रा: नीमामाई तिराहा से रथयात्रा जाने वाले वाहनों को हनुमान मंदिर तिराहा (रथयात्रा) से आशीर्वाद हॉस्पिटल मोड़ की तरफ डायवर्ट किया जाएगा, जो आकाशवाणी तिराहा होकर निकलेंगे।
-
गुरुबाग से रथयात्रा: गुरुबाग तिराहा से रथयात्रा जाने वाले समस्त वाहनों को नीमामाई तिराहा की तरफ मोड़ा जाएगा, जो हनुमान मंदिर तिराहा और आशीर्वाद हॉस्पिटल मोड़ होकर गंतव्य को जाएंगे।
-
महमूरगंज/आशीर्वाद हॉस्पिटल मोड़ से रथयात्रा: इस मार्ग से किसी भी वाहन को रथयात्रा चौराहे की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा। इन्हें आकाशवाणी तिराहा, महमूरगंज तिराहा और मंडुवाडीह चौराहा की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
-
सिगरा से रथयात्रा: सिगरा चौराहा से रथयात्रा की तरफ जाने वाले वाहनों को सिगरा से ही महमूरगंज की तरफ मोड़ दिया जाएगा, जो महमूरगंज तिराहा/मंडुवाडीह चौराहा होकर जाएंगे।
-
आकाशवाणी से रथयात्रा: आकाशवाणी तिराहा से रथयात्रा की ओर जाने वाले वाहनों को सिगरा चौराहे की तरफ मोड़ दिया जाएगा।
-
अत्यधिक भीड़ होने पर: यदि श्रद्धालुओं की भीड़ बहुत ज्यादा बढ़ती है, तो वाहनों को बीएचयू चौराहा, मंडुवाडीह चौराहा, इंग्लिशिया लाइन तिराहा और सिगरा चौराहा से ही डायवर्ट कर दिया जाएगा।
भारी वाहनों (बस/ट्रक) के लिए वाह्य डायवर्जन (नो-एंट्री खुलने के बाद):
-
सिगरा चौराहा से: भारी वाहनों को रथयात्रा की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा। इन्हें आकाशवाणी तिराहा होते हुए महमूरगंज/मंडुवाडीह की तरफ भेजा जाएगा।
-
आकाशवाणी तिराहा से: भारी वाहनों को रथयात्रा की तरफ जाने की अनुमति नहीं होगी, इन्हें सिगरा चौराहा की तरफ मोड़ दिया जाएगा।
-
कमच्छा तिराहा से: भारी वाहनों को रथयात्रा की तरफ जाने से रोककर भेलूपुर, ब्रॉडवे तिराहा की तरफ डायवर्ट किया जाएगा, जो बीएचयू चौराहा, भिखारीपुर तिराहा और मंडुवाडीह होकर जाएंगे।
वाहन प्रतिबंधित क्षेत्र (नो-व्हीकल ज़ोन):
रथयात्रा मेला क्षेत्र के मुख्य हिस्से को पूरी तरह से वाहन प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित किया गया है:

-
आकाशवाणी तिराहा से आशीर्वाद हॉस्पिटल मोड़ होते हुए रथयात्रा चौराहा तक किसी भी प्रकार के वाहन का प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहेगा।
मेला क्षेत्र के लिए पार्किंग व्यवस्था:
सिगरा चौराहा, आकाशवाणी तिराहा और नीमामाई तिराहा के समीप आने वाली कार, ऑटो, ई-रिक्शा, मोटरसाइकिल और पैडल रिक्शा को मेला क्षेत्र के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। इन सभी वाहनों को मेला प्रशासन द्वारा निर्धारित पार्किंग स्थलों (मोतीझील और आकाशवाणी परिसर) में पार्क करना होगा।

यातायात पुलिस की अपील: यातायात पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी ने आम जनता और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें। मेला क्षेत्र वाले मार्ग पर अत्यंत आवश्यक होने पर ही निकलें और पर्याप्त अतिरिक्त समय लेकर चलें। मेले को सकुशल संपन्न कराने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।
