Varanasi: रामनगर रामलीला में आए हाथी का बिगड़ा मिजाज, महावत को कई बार पटका, भर्ती
आजमगढ़ से लाया गया था हाथी, इसके पहले भी उतर गया था तालाब में
वाराणसी (भदैनी मिरर)। वाराणसी के रामनगर स्थित प्रसिद्ध पंचवटी मैदान में रविवार को रामलीला के दौरान एक दर्दनाक और खौफनाक हादसा सामने आया। रामलीला में शामिल होने के लिए आजमगढ़ से लाया गया एक हाथी अचानक बेकाबू हो गया। हाथी ने अपने ही महावत को उठाकर ज़मीन पर कई बार पटक दिया। जिसके बाद गंभीर हालात में महावत को इलाज के लिए बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती किया गया है। घटना के बाद पूरे इलाके में भगदड़ और दहशत का माहौल कायम हो गया।

काशीराज परिवार की सवारी के लिए लाया गया था हाथी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बेकाबू हुआ हाथी विश्वप्रसिद्ध रामनगर रामलीला में शामिल होने के लिए विशेष रूप से आजमगढ़ से लाया गया था। इस हाथी पर सवार होकर काशीराज परिवार के डॉ. अनंत नारायण सिंह के पुत्र रामलीला की सवारी और दर्शन करते हैं। रविवार को अचानक हाथी का मिजाज बिगड़ गया और उसने महावत पर हमला बोल दिया।
गंभीर हालात में महावत का इलाज जारी, पुलिस ने सील किया 2 किमी इलाका
हादसे के तुरंत बाद घायल महावत को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ से उसे बीएचयू ट्रामा सेंटर भेज दिया गया। उधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुँचा और सुरक्षा के मद्देनजर पंचवटी मैदान तथा आसपास के करीब दो किलोमीटर के दायरे में बैरिकेडिंग कर आवागमन पूरी तरह रोक दिया।
हाथी को नियंत्रित करने के प्रयास जारी
हाथी के उग्र रूप को देखते हुए पुलिस और प्रशासन लगातार स्थानीय निवासियों तथा रामलीला देखने पहुँचे श्रद्धालुओं से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और प्रभावित क्षेत्र में न जाने की अपील कर रहा है। समाचार लिखे जाने तक बेकाबू हाथी को पूरी तरह से नियंत्रित नहीं किया जा सका था। किसी अन्य व्यक्ति को नुकसान न पहुँचे, इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था अत्यंत कढ़ी कर दी गई है और विशेषज्ञ टीम को भी मौके पर बुलाया गया है।
