Varanasi News: वाराणसी के तुलसी घाट पर देर रात नहाते समय डूबा युवक,काफी मशक्कत के बाद निकाला गया शव
दो दोस्तों को डूबने से बचाया गया, एनडीआरएफ और जल पुलिस ने किया सर्च
वाराणसी (भदैनी मिरर डेस्क): धर्मनगरी काशी के तुलसी घाट पर देर रात नहाने गए तीन युवकों में से एक युवक के गंगा नदी में डूबने की दुखद और बड़ी घटना सामने आई है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, जल पुलिस और एनडीआरएफ (NDRF) की टीम मौके पर पहुंच गई है और लापता युवक की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया, कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला गया।


देर रात घाट पर नहाने पहुंचे थे तीन दोस्त
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीआरबी (PRB) के माध्यम से सूचना मिली कि तुलसी घाट पर एक व्यक्ति डूब गया है। सूचना मिलते ही तत्काल पुलिस बल मौके पर पहुंचा। जांच में पता चला कि वाराणसी के 'होटल वैष्णवी' में काम करने वाला शिव शंकर सिंह (32 वर्ष), जो कि मूल रूप से ग्राम कछवा डीह (थाना कछवा, जनपद मिर्जापुर) का निवासी था, अपने दो अन्य दोस्तों के साथ देर रात करीब 1:00 बजे के बाद तुलसी घाट पर आया था।

उसके साथ आए दोस्तों में राहुल यादव (उम्र करीब 20 वर्ष, निवासी बिशनपुर, जमालपुर, मिर्जापुर) और अतुल मिश्रा (उम्र लगभग 17 वर्ष, निवासी प्रजापतपुर, ज्ञानपुर, भदोही) शामिल थे।
बताया जा रहा है कि जब ये लोग घाट पर थे, तभी वहां नहा रहे व्यक्तियों में से दो लोग गहरे पानी में जाने के कारण डूबने लगे। घाट पर मौजूद लोगों की मुस्तैदी से उन दोनों व्यक्तियों को तो सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और उनकी जान बचा ली गई।

दोस्तों ने देखा तो गायब था शिव शंकर
इस अफरा-तफरी के बीच, जब राहुल यादव और अतुल मिश्रा ने अपने तीसरे साथी शिव शंकर सिंह को ढूंढा, तो वह कहीं दिखाई नहीं दिया। दोनों मित्रों को आशंका है कि घाट पर मचे हड़कंप या नहाने के दौरान शिव शंकर सिंह भी गहरे पानी में चला गया और डूब गया।
घटना के बाद परिजनों और होटल स्टाफ को सूचित कर दिया गया है। स्थानीय थाना पुलिस ने तत्काल जल पुलिस और एनडीआरएफ (NDRF) को अलर्ट किया। फिलहाल, गंगा की लहरों के बीच लापता शिव शंकर सिंह के शव को निकाल लिया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
