वाराणसी: नवविवाहिता संदिग्ध परिस्थितियों में गायब, दो युवकों पर फुसलाकर ले जाने का आरोप
मई 2025 में हुई थी शादी, मां के सामने से पत्नी को ले जाने का आरोप; शिवपुर थाने में गुमशुदगी दर्ज होने के बाद भी कार्रवाई न होने से पीड़ित परिवार भयभीत।
वाराणसी (भदैनी मिरर): वाराणसी के शिवपुर थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित पति ने क्षेत्र के ही दो युवकों पर पत्नी को बहला-फुसलाकर ले जाने और उसके साथ किसी संगीन वारदात को अंजाम देने की आशंका जताई है। हालांकि पुलिस ने मामले में गुमशुदगी (Missing Complaint) तो दर्ज कर ली है, लेकिन परिजनों का आरोप है कि अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे उनका पूरा परिवार दहशत में है।
2025 में हुई थी शादी, संदिग्ध आचरण पर जताई चिंता
जानकारी के अनुसार, शिवपुर थाना क्षेत्र के क्षेत्रीयपुर निवासी मनोज कुमार (पुत्र बच्चे लाल) का विवाह 25 मई 2025 को जौनपुर जिले के केराकत (मेढ़िया बराई निवासी) की रहने वाली शैजल के साथ संपन्न हुआ था। पीड़ित पति का कहना है कि शादी के बाद से ही उसकी पत्नी का व्यवहार असामान्य था और वह अक्सर मोबाइल पर किसी अज्ञात व्यक्ति से बात करती रहती थी।


घर पर आते थे दो युवक, मां के सामने ले जाने का आरोप
पीड़ित का आरोप है कि उसकी पत्नी के परिचित बृजेश कुमार (पुत्र रामाशीष, निवासी मंगारी-नेवादा, फूलपुर) और राजू (पुत्र अशोक कुमार, निवासी कठिरांव, फूलपुर) अक्सर उसके घर आते-जाते थे। आरोप के मुताबिक, बीते 29 जुलाई 2026 को बृजेश कुमार पीड़ित की मां की मौजूदगी में ही उसकी पत्नी शैजल को अपने साथ ले गया।

फोन करने पर दी गाली-गलौज, मायके में भी नहीं है पत्नी
जब परिजनों ने महिला के मायके पूछताछ की तो पता चला कि वह वहां भी नहीं पहुंची है। इसके बाद जब आरोपी बृजेश से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उसने फोन पर गाली-गलौज की और अभद्र व्यवहार किया। पीड़ित पति ने आशंका जताई है कि दोनों आरोपी युवक उसकी पत्नी के साथ किसी संगीन अपराध को अंजाम दे सकते हैं।

पुलिस की सुस्ती से सहमा परिवार, उच्चाधिकारियों से गुहार
घटना के संबंध में पीड़ित पति ने शिवपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी, जिस पर पुलिस ने प्राथमिक गुमशुदगी तो दर्ज कर ली, लेकिन कई दिन बीत जाने के बाद भी कोई सुराग नहीं लग सका है। पीड़ित परिवार का कहना है कि पुलिस की सुस्त कार्रवाई से वे बेहद डरे और सहमे हुए हैं।
पीड़ित ने उच्चाधिकारियों से गुहार लगाते हुए मांग की है कि मामले का तुरंत संज्ञान लेकर दोनों नामजद युवकों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की जाए और महिला को सकुशल बरामद कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
