Movie prime
PMC_Hospital

वाराणसी: अन्नपूर्णा मंदिर अन्नक्षेत्र पहुंचे मुस्लिम युवक के पास मिला चाकू

भूख के कारण काशी विश्वनाथ धाम परिक्षेत्र में भोजन करने पहुंचा था मुगलसराय का शाहिद जमाल; एजेंसियों की जांच में नहीं मिला कोई आपराधिक रिकॉर्ड, पुलिस ने थाने में कराया भोजन।

Ad

 
fg
WhatsApp Group Join Now

Ad

भदैनी मिरर (वाराणसी): श्री काशी विश्वनाथ धाम परिक्षेत्र स्थित माता अन्नपूर्णा मंदिर के अन्नक्षेत्र में शनिवार दोपहर सुरक्षाकर्मियों ने एक संदिग्ध युवक को चाकू के साथ पकड़ा। मुस्लिम टोपी पहने युवक के पास से अति-संवेदनशील सुरक्षा क्षेत्र में सब्जी काटने वाला चाकू मिलने से हड़कंप मच गया। मंदिर सुरक्षा बल ने तत्काल इसकी सूचना दशाश्वमेध पुलिस को दी, जिसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर सुरक्षा एजेंसियों ने सघन पूछताछ शुरू की।

Ad

इंटेलिजेंस विंग और पुलिस की संयुक्त जांच

दशाश्वमेध पुलिस के साथ-साथ एलआईयू (LIU), एटीएस (ATS), आईबी (IB) और सीआरपीएफ (CRPF) की इंटेलिजेंस विंग ने आरोपी से गहनता से पूछताछ की। पकड़ा गया युवक शाहिद जमाल निवासी मुगलसराय (जनपद चंदौली) का रहने वाला है। जांच टीम ने उसके गृह जनपद चंदौली के स्थानीय थाने, डीसीआरबी (DCRB) और सीसीटीएनएस (CCTNS) पोर्टल से उसके आपराधिक इतिहास का ब्योरा निकाला, जिसमें उसके खिलाफ कोई भी मुकदमा या प्रतिकूल तथ्य दर्ज नहीं पाया गया।

Ad

मजदूरी न मिलने पर भूख मिटाने पहुंचा था अन्नक्षेत्र

पुलिस पूछताछ में शाहिद जमाल ने बताया कि वह मजदूरी और वैवाहिक व अन्य आयोजनों में सब्जी व नॉनवेज काटने का काम करता है। शनिवार सुबह करीब 8:00 बजे वह काम की तलाश में घर से निकला था और सब्जी काटने वाला चाकू भी साथ रखा था। सुबह 10:00 बजे तक जब उसे कोई काम नहीं मिला और तेज भूख लगी, तो वह भोजन करने के उद्देश्य से पैदल ही अन्नपूर्णा मंदिर के अन्नक्षेत्र की ओर चला आया, क्योंकि वह पहले भी वहां प्रसाद ग्रहण कर चुका था।

Ad

जांच में मिला क्लीन चिट, पुलिस ने थाने में ही कराया भोजन

दशाश्वमेध पुलिस ने एहतियातन शाहिद के गांव में टीम भेजकर स्थानीय ग्राम प्रधान और आसपास के लोगों से भी उसके चाल-चलन की जानकारी ली। स्थानीय स्तर पर भी उसका आचरण सामान्य पाया गया। जांच में किसी प्रकार की संदिग्ध या राष्ट्रविरोधी गतिविधि न पाए जाने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।

गहन पूछताछ के बाद पुलिस अधिकारियों ने मानवता दिखाते हुए अन्नपूर्णा मंदिर के अन्नक्षेत्र से महाप्रसाद मंगवाकर दशाश्वमेध थाने में ही शाहिद जमाल को पेट भरकर भोजन कराया। पुलिस प्रशासन के अनुसार, सुरक्षा के दृष्टिकोण से जांच पूरी कर आवश्यक वैधानिक औपचारिकताएं निभाई जा रही हैं।