वाराणसी में जलभराव से मिलेगी राहत: नगर निगम बनाएगा मास्टर प्लान
महापौर अशोक कुमार तिवारी की समीक्षा बैठक: जल निकासी, अस्सी नाला सफाई और पीएम आवास आवंटन में पारदर्शिता के सख्त निर्देश
वाराणसी (भदैनी मिरर)। शहरवासियों को मानसून और सामान्य दिनों में जलजमाव की समस्या से स्थायी राहत दिलाने के लिए नगर निगम वाराणसी ने जल निकासी प्रबंधन का एक व्यापक मास्टर प्लान तैयार करने का फैसला किया है। इसके लिए एक विशेषज्ञ एजेंसी का चयन कर सर्वे कराया जा रहा है, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर पूरे शहर के ड्रेनेज सिस्टम को नए सिरे से सुदृढ़ किया जाएगा।

सिगरा स्थित स्मार्ट सिटी सभागार में महापौर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल की मौजूदगी में हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में शहर के जलजमाव, सीवर व्यवस्था और विभिन्न विकास परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
नवसृजित वार्डों और बीएचयू से आने वाले पानी पर मंथन
बैठक के दौरान नवसृजित वार्डों, पहाड़ी, कंदवा और नरिया क्षेत्र में बारिश के समय बीएचयू कैंपस से आने वाले पानी के निस्तारण पर गहन चर्चा हुई। महापौर ने निर्देश दिया कि नरिया व आसपास के इलाकों में राहत के लिए अस्सी नाले की जल वहन क्षमता का त्वरित आकलन कर उसकी व्यापक सफाई कराई जाए। इसके साथ ही वर्तमान में जलभराव से प्रभावित 10 वार्डों में अतिरिक्त पंप लगाकर तुरंत पानी निकालने के आदेश दिए गए।

सिगरा स्टेडियम के ठेकेदार पर 10 लाख का जुर्माना
विकास कार्यों में सुस्ती पर कड़ा रुख अपनाते हुए सिगरा स्टेडियम कॉम्प्लेक्स निर्माण में अनावश्यक देरी करने वाली कार्यदायी संस्था पर 10 लाख रुपये की पेनाल्टी लगाई गई है। ठेकेदार को नोटिस जारी कर 1 माह के भीतर काम पूरा करने की अंतिम चेतावनी दी गई है। इसके अलावा घोड़ा अस्पताल परिसर निर्माण में लापरवाही पर भी कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

प्रमुख विकास परियोजनाओं की समय-सीमा तय
-
शिवपुर काशी टाउन: मल्टी-स्टोरी बिल्डिंग का निर्माण 14 जनवरी तक पूरा करने के निर्देश।
-
चौकाघाट व भेलूपुर: जलकल विभाग में निर्माण कार्य शुरू हो चुका है, जिसे 12 माह में पूरा करने का लक्ष्य है।
-
ऐढ़े गोशाला: सीनिया केमा लेन्टा का कार्य 2 महीने में पूरा किया जाएगा।
-
अन्य प्रोजेक्ट्स: महमूरगंज में बन रहे फ्लैट व महिला आवास, सोनपुरा कबाड़ खाना, स्मार्ट ट्रांसफर स्टेशन और कैंट मालगोदाम स्थित साड़ी मंडी के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
पितृपक्ष के मद्देनजर कुंडों की सफाई और 13 हजार पौधों की जिओ-टैगिंग
सोशल मीडिया पर आ रही शिकायतों का संज्ञान लेते हुए सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने और आगामी पितृपक्ष को ध्यान में रखते हुए शहर के सभी प्रमुख कुंडों की विशेष सफाई के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही शहर में लगाए जा रहे 13,000 से अधिक पौधों (जिसमें बीएचयू में 2500 और बीएलडब्ल्यू में 1700 शामिल हैं) की शत-प्रतिशत जिओ-टैगिंग कराने और ट्री-गार्ड लगाने का आदेश जारी हुआ।
डूडा को हिदायत: आवास आवंटन में बरतें पूरी पारदर्शिता
प्रधानमंत्री आवास योजना (डूडा) की समीक्षा करते हुए महापौर ने स्पष्ट कहा कि गरीबों को आवास आवंटन की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए। यदि किसी पात्र आवेदक का आवेदन निरस्त किया जाता है, तो उसका स्पष्ट और ठोस कारण कागजात में दर्ज होना चाहिए ताकि किसी गरीब के साथ अन्याय न हो।
बैठक में अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा, संयुक्त नगर आयुक्त कृष्ण चंद्र, सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव, मुख्य अभियंता सुरेश चन्द्र, जलकल महाप्रबंधक अनूप सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
