
वाराणसी में नगर निगम का बुलडोजर एक्शन शुरु, अतिक्रमणकारियों की खैर नहीं, वसूला 1.25 लाख का जुर्माना
वरुणापार, सारनाथ और आदमपुर जोन में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, नगर आयुक्त ने दिया निर्देश – सभी नालों से हटेगा कब्जा, नहीं तो चलेगा बुलडोजर




वाराणसी,भदैनी मिरर। नगर निगम वाराणसी ने शहर की सफाई व्यवस्था और जल निकासी को सुधारने के उद्देश्य से अतिक्रमण हटाओ अभियान की शुरुआत कर दी है। शुक्रवार को अभियान के पहले दिन ही नगर निगम के बुलडोजर ने कई स्थानों पर नालों पर किए गए अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया। इस दौरान कुल ₹1.25 लाख का जुर्माना भी वसूला गया।

नगर निगम का यह विशेष अभियान वरुणापार जोन, सारनाथ जोन और आदमपुर जोन में एक साथ शुरू किया गया।
वरुणापार जोन में ज़ोनल अधिकारी जितेन्द्र कुमार आनंद के नेतृत्व में नदेसर और भोजूबीर इलाके में कार्रवाई की गई। तहसील के सामने PWD नाले पर किए गए अतिक्रमण को जेसीबी मशीन से हटाया गया। यहां लगभग 200 मीटर क्षेत्र में लगे टाइल्स को हटाया गया, जिसे निजी प्रतिष्ठानों ने अतिक्रमण कर ढक रखा था।


सारनाथ जोन में ज़ोनल अधिकारी अनुपम त्रिपाठी के नेतृत्व में कालीमाता मंदिर से पहड़िया चौराहा, ओमनगर और रोनाबेला मार्ग तक अतिक्रमण हटाया गया। इस जोन में ₹11,000 का जुर्माना वसूला गया।
आदमपुर जोन में ज़ोनल अधिकारी मृत्युंजय नारायण मिश्र द्वारा छविमहल के पास बड़े नाले पर बने अवैध ढांचों को जेसीबी से हटाया गया। यहां अतिक्रमणकर्ताओं से ₹1.14 लाख का जुर्माना वसूला गया।

नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने सभी ज़ोनल अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि नालों और नालियों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अतिक्रमणकर्ताओं को पहले नोटिस दिया जाएगा, यदि निर्धारित समय में अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो उसे जेसीबी से ध्वस्त कर जुर्माना वसूला जाएगा।
नगर आयुक्त ने बताया कि यह अभियान सिर्फ एक दिन के लिए नहीं बल्कि नियमित रूप से प्रतिदिन सभी जोनों में चलेगा। आमजन से भी अपील की गई है कि वे स्वयं अतिक्रमण हटा लें, अन्यथा कार्रवाई के लिए तैयार रहें।
कल इन क्षेत्रों में चलेगा बुलडोजर
अपर नगर आयुक्त संगम लाल के आदेश पर 31 मई को सारनाथ जोन के अंतर्गत पहड़िया चौराहा से ओमनगर और रबनाबेला चौराहा तक तथा आदमपुर जोन में गोलगड्डा से पीलीकोठी होते हुए आदमपुर थाना त्रिमुहानी तक अभियान चलाया जाएगा।

