वाराणसी: भारी बारिश के बीच एक्शन में नगर निगम, नगर आयुक्त ने अंधरापुल का किया निरीक्षण; जल निकासी के दिए सख्त निर्देश
मेयर और नगर आयुक्त के निर्देश पर फील्ड में उतरे अधिकारी; निचले इलाकों में त्वरित कार्रवाई से जनता को मिली राहत
वाराणसी (भदैनी मिरर न्यूज़): धर्मनगरी काशी में हो रही भारी बारिश के दृष्टिगत नगर निगम प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। शहर के निचले और संवेदनशील इलाकों में जलभराव की समस्या को रोकने और आम जनता को राहत पहुंचाने के लिए नगर निगम की टीमें मंगलवार को दिनभर मुस्तैद रहीं।


फील्ड में उतरे अधिकारी, तत्काल शुरू कराई गई जल निकासी
महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के स्पष्ट निर्देशों के बाद जैसे ही किसी इलाके से जलजमाव की सूचना मिली, निगम की टीमों ने बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचकर काम शुरू कराया। जलभराव को रोकने के लिए अधिशासी अभियंता (XEN), सहायक अभियंता (AE), अवर अभियंता (JE) और स्वास्थ्य निरीक्षक स्तर के अधिकारी स्वयं धरातल पर कमान संभाले नजर आए।

नगर आयुक्त ने किया अंधरापुल का निरीक्षण
जल निकासी व्यवस्था का जायजा लेने के लिए नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने स्वयं अंधरापुल स्थित जलजमाव वाले क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अभियंताओं को पंपों और नालों की सफाई के माध्यम से पानी को तुरंत निकालने के कड़े निर्देश दिए। नगर आयुक्त के निरीक्षण के बाद कई प्रभावित क्षेत्रों से कुछ ही देर में पानी निकाल दिया गया।


स्थानीय नागरिकों ने की त्वरित कार्रवाई की सराहना
नगर निगम की इस मुस्तैदी और त्वरित कार्यशैली का सकारात्मक असर सड़कों पर देखने को मिला। जलजमाव की समस्या से जल्दी निजात मिलने पर स्थानीय नागरिकों ने राहत की सांस ली। कई इलाकों के निवासियों ने भारी बारिश के बीच अधिकारियों और सफाई कर्मचारियों की इस सजगता की खुलकर तारीफ की।
निगम का आश्वासन: जारी रहेगा अभियान
नगर निगम प्रशासन ने शहरवासियों को आश्वस्त किया है कि बारिश के पूरे सीजन में नागरिकों की सुविधा के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। नगर आयुक्त ने सभी अधिकारियों और फील्ड कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि वे 24 घंटे मुस्तैद रहें और जलभराव की सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर समस्या का निवारण करें।
