Movie prime
PMC_Hospital

Varanasi Municipal Corporation Action: प्रतिबंध के बावजूद मांस बेच रहा था दुकानदार, निगम ने काटा 5,000 का चालान

नवरात्र और एयर शो को ध्यान में रखकर 26 अक्टूबर तक मांस बिक्री पर लगा है पूर्ण प्रतिबंध; सप्तसागर क्षेत्र में खुली मिलने पर हुई कार्रवाई।

Ad

 
hjk
WhatsApp Group Join Now

Ad

भदैनी मिरर वाराणसी डेस्क: वाराणसी में नवरात्र के पावन पर्व और आगामी एयर शो को ध्यान में रखते हुए मांस, मछली और मुर्गा की बिक्री पर 26 अक्टूबर तक पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। इसके बावजूद कुछ जगहों पर नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ नगर निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए मंगलवार को चेकिंग अभियान के दौरान ताबड़तोड़ कार्रवाई की। सप्तसागर क्षेत्र में खुली मिली एक मांस की दुकान पर निगम की टीम ने 5,000 रुपये का जुर्माना लगाया है।

Ad

26 अक्टूबर तक लागू है प्रतिबंध

श्रद्धालुओं की आस्था और धार्मिक भावनाओं को सम्मान देते हुए नगर निगम कार्यकारिणी ने शहर की सभी मांस, मछली और मुर्गा की दुकानों को बंद रखने का निर्देश जारी किया है, जो 26 अक्टूबर तक प्रभावी रहेगा। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर शहर के सभी जोनों में विशेष टीमों का गठन कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. विजय अमृतराज ने बताया कि मंगलवार को पूरे शहर में व्यापक निरीक्षण किया गया। इस दौरान अधिकांश इलाकों में दुकानें पूरी तरह बंद पाई गईं, लेकिन सप्तसागर क्षेत्र में एक दुकान चोरी-छिपे चलाई जा रही थी, जिस पर तुरंत एक्शन लिया गया।

नियमों के तहत किसी भी मंदिर से 500 मीटर और श्री काशी विश्वनाथ धाम के दो किलोमीटर के दायरे में मांस की बिक्री, उपयोग और पशुवध पर पूरी तरह पाबंदी रहेगी।

एरियल डिस्प्ले (Air Show) को लेकर पतंगबाजी और मांस बिक्री पर रोक

काशी में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक एरियल डिस्प्ले-2026 को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। फाइटर जेट्स की निर्बाध उड़ान और बर्ड-हिट जैसी गंभीर दुर्घटनाओं को रोकने के लिए नमो घाट के 20 से 30 किलोमीटर के दायरे में 19 से 26 अक्टूबर तक मांस-मछली की बिक्री व कटिंग पर रोक लगा दी गई है।

इसके साथ ही, नगर आयुक्त ने एयर शो के दौरान आकाश में सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए गंगा घाटों और आसपास के समूचे क्षेत्रों में पतंगबाजी पर भी पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है। निगम ने चेतावनी दी है कि आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।