वाराणसी नगर निगम का बड़ा फैसला: 15 जुलाई तक टैक्स जमा करने पर 12% की छूट, दिव्यांगों के लिए गृहकर पूरी तरह माफ
ऑनलाइन हाउस टैक्स जमा करने पर मिलेगी 12% की विशेष छूट।
वाराणसी: काशी के निवासियों के लिए नगर निगम ने राहत का पिटारा खोल दिया है। सोमवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में हुई कार्यकारिणी की बैठक में शहर के 2.33 लाख भवन स्वामियों के हित में कई ऐतिहासिक निर्णय लिए गए।
1. टैक्स में भारी छूट और डिजिटल ट्रांजैक्शन को बढ़ावा
निगम ने इस वित्तीय वर्ष में समय से टैक्स जमा करने वालों को प्रोत्साहित करने का निर्णय लिया है।


-
15 जुलाई तक गृहकर, जलकर और सीवर कर जमा करने पर 10% की छूट मिलेगी।
-
यदि आप ऑनलाइन माध्यम से भुगतान करते हैं, तो यह छूट बढ़कर 12% हो जाएगी।
-
व्यापारियों को राहत: लाइसेंस शुल्क पर भी 10% की कटौती की गई है।
-
समायोजन की सुविधा: जिन लोगों ने इस वर्ष का टैक्स पहले ही जमा कर दिया है, उनकी छूट राशि अगले वर्ष के बिल में एडजस्ट कर दी जाएगी।
2. दिव्यांगों और दृष्टिहीनों के लिए बड़ी घोषणा
सामाजिक उत्तरदायित्व निभाते हुए निगम ने निर्णय लिया है कि 80% से अधिक दिव्यांगता वाले और दृष्टिहीन भवन स्वामियों का गृहकर, जलकर और सीवर कर पूरी तरह माफ रहेगा। इसके लिए उन्हें सक्षम अधिकारी का प्रमाण पत्र कार्यालय में जमा करना होगा।
3. वरुणा रिवर फ्रंट: 1.5 साल में बदलेगी तस्वीर
बैठक में वरुणा कॉरिडोर की बदहाली का मुद्दा गूंजा। नगर आयुक्त हिंमाशु नागपाल ने जानकारी दी कि वरुणा रिवर फ्रंट प्रोजेक्ट को शासन से हरी झंडी मिल गई है।

-
6 बड़े प्रोजेक्ट्स के तहत वरुणा में गिरने वाले 48 नालों को टैप किया जाएगा।
-
नई सीवर लाइन बिछाई जाएगी और करीब 5 से 8 फीट ऊंचा रिवर फ्रंट बनाया जाएगा, जिससे नदी प्रदूषण मुक्त होगी।
4. विकास के लिए जमीनों की अदला-बदली
शहर के बुनियादी ढांचे के विस्तार के लिए निगम रक्षा संपदा (Cantonment) और रेलवे की जमीनें लेगा। इसके बदले में निगम अपनी उतनी ही मूल्य की जमीन इन विभागों को देगा। इसमें कैंटोंमेंट, फुलवरिया फ्लाईओवर के नीचे की जमीन और गुडशेड बाजार की भूमि शामिल है। लहरतारा में कूड़ा निस्तारण के लिए PCTS स्टेशन भी स्थापित किया जाएगा।

5. पंचक्रोशी यात्रा और पब्लिक सुविधाएं
-
पंचक्रोशी परिक्रमा: 15 मई 2026 से शुरू हो रहे अधिमास को देखते हुए परिक्रमा पथ की सड़कों को गड्ढा मुक्त करने, पेयजल और स्वास्थ्य शिविर लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
-
फ्री यूरिनल्स: शहर के सार्वजनिक शौचालयों में यूरिनल्स अब पूरी तरह फ्री होंगे। पारदर्शिता के लिए वहां हिंदी और अंग्रेजी में बोर्ड लगाए जाएंगे।
-
आधुनिक फल बाजार: सिगरा स्थित भारत सेवाश्रम से सुलभ तक व्यवस्थित 'फल बाजार' विकसित होगा, जिससे ठेले-पटरी वालों को जगह मिलेगी और जाम से मुक्ति मिलेगी।
बैठक में उपस्थिति:
बैठक में उपसभापति नरसिंह दास, कार्यकारिणी सदस्य प्रवीण राय, प्रमोद राय, मदन मोहन तिवारी, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

