वाराणसी: PRD जवानों, शिक्षामित्रों और कोटेदारों के मानदेय में बढ़ोतरी पर बोले मंत्री हंसराज विश्वकर्मा
मानदेय ₹500 से बढ़कर ₹600, कैशलेस इलाज और बैरक की सुविधा; आर्थिक स्थिति मजबूत होते ही स्थाई करने पर होगा विचार
वाराणसी (भदैनी मिरर न्यूज़): उत्तर प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने प्रदेश के प्रांतीय रक्षक दल (PRD) के जवानों, शिक्षामित्रों और कोटेदारों के हित में लिए गए फैसलों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार का नजरिया हमेशा से ही गरीबों, मजदूरों और जवानों के कल्याण के प्रति सकारात्मक और समर्पित रहा है।


PRD जवानों को ₹600 मानदेय, कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा और बैरक की सौगात
मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में PRD के जवान पुलिस विभाग की 'B टीम' की तरह मुस्तैदी से अपनी सेवाएं देते हैं। सरकार ने उनके मानदेय को प्रतिदिन ₹500 से बढ़ाकर ₹600 कर दिया है। इसके साथ ही PRD जवानों और उनके परिवारों के लिए कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा का ऐलान किया गया है।

जवानों की कार्यक्षमता और सुविधा को ध्यान में रखते हुए बैरक निर्माण का शिलान्यास भी किया गया है। मंत्री ने सेना का उदाहरण देते हुए कहा, "जैसे पहाड़ों पर ड्यूटी करने वाले जवानों के विश्राम की बेहतर व्यवस्था होती है, उसी तरह हमारे PRD जवान भी लंबी ड्यूटी के बाद बैरक में 1-2 घंटे आराम कर सकेंगे। दूर-दराज से आने वाले जवान आवश्यकता पड़ने पर अपने परिवार को भी कुछ समय के लिए वहां रख सकेंगे।"


2027 में भाजपा के समर्थन की अपील
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा दी जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं और सुविधाओं का जिक्र करते हुए हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि आने वाले समय में और भी कई सुविधाएं दी जाएंगी। उन्होंने उपस्थित लोगों और जवानों से राष्ट्र को मजबूत बनाने के उद्देश्य से वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी का समर्थन करने की अपील की।
स्थाई (Permanent) करने के सवाल पर दिया यह जवाब
PRD जवानों को स्थाई किए जाने को लेकर पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवाल पर मंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जो कहती है, वह करके दिखाती है। उन्होंने कहा, "जैसे-जैसे आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है, मानदेय और सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं। सरकार का रुख पूरी तरह सकारात्मक है, और मानक के आधार पर PRD जवानों व होमगार्डों को स्थाई करने की दिशा में भी उचित फैसला लिया जाएगा।"
