वाराणसी: जंसा में लॉन से टीवी-एसी चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार
संजोई क्रॉसिंग से पुलिस ने भोनू राजभर को दबोचा; ताले काटने के लिए औजारों का करते थे इस्तेमाल, मोबाइल रखे बिना देते थे वारदातों को अंजाम।
भदैनी मिरर क्राइम डेस्क: वाराणसी के जंसा थाना क्षेत्र में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। जंसा पुलिस ने बेलौड़ी स्थित एक लॉन से टीवी, एसी और अन्य सामान चोरी करने के मामले में एक आरोपी भोनू राजभर को संजोई क्रॉसिंग के पास से गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में हैरान करने वाला खुलासा हुआ है कि चोर चोरी के सामान को बेचने के बाद मिले रुपयों से राजदरी, चुनार और मुंबई घूमने चले गए थे।

थानाध्यक्ष सत्यजीत सिंह ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी भोनू राजभर चौबेपुर थाना क्षेत्र के बरियासनपुर का रहने वाला है। उसके पास से पुलिस ने चोरी का एक सीसीटीवी कैमरा, 6,820 रुपये नकद और चोरी में प्रयुक्त होने वाले औजार बरामद किए हैं।
बिना मोबाइल के देते थे वारदातों को अंजाम
पुलिस पूछताछ में आरोपी भोनू राजभर ने बताया कि वह अपने साथियों अभिषेक राजभर और विनीत राजभर उर्फ बउआ के साथ मिलकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था।
-
ताले काटने का तरीका: ये शातिर चोर घरों और लॉन के ताले तोड़ने व काटने के लिए विशेष औजारों का प्रयोग करते थे।
-
स्मार्ट तरीका: पुलिस पकड़ से बचने के लिए वे चोरी की वारदातों के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल बिल्कुल नहीं करते थे।
-
अभिषेक की बाइक और जिम्मेदारी: चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल अभिषेक की होती थी और चोरी किए गए सामान को बाजार में बेचने की जिम्मेदारी भी उसी की होती थी।
पुलिस फरार चल रहे अन्य दोनों आरोपियों (अभिषेक और विनीत) की तलाश में जुट गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
