एचआईवी नियंत्रण में वाराणसी ने रचा इतिहास, यूपी में पहला स्थान हासिल कर मिला 'सुरक्षित' जिले का दर्जा
राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन की रैंकिंग में शामिल प्रदेश के छह जिलों में बनारस अव्वल, 95-95-95 मानकों में शानदार प्रदर्शन के साथ 4,105 मरीजों का वायरल लोड सप्रेस्ड
वाराणसी (भदैनी मिरर): राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद वाराणसी ने एचआईवी/एड्स नियंत्रण के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए ‘सुरक्षित’ (Safe) जिले का दर्जा प्राप्त किया है। राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (NACO) द्वारा जारी रैंकिंग में उत्तर प्रदेश के कुल छह जिलों को शामिल किया गया था, जिनमें वाराणसी ने पहला स्थान हासिल किया है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. एन.पी. सिंह ने इस उपलब्धि की जानकारी देते हुए बताया कि यह सफलता जिले में समयबद्ध जांच व उपचार, एआरटी (ART) सेवाओं से मरीजों के बेहतर जुड़ाव, वायरल लोड की नियमित निगरानी और स्वास्थ्य विभाग व सहयोगी संस्थाओं के समन्वित प्रयासों का नतीजा है।
क्या हैं 95-95-95 के मानक और कैसे मिला ‘सुरक्षित’ का दर्जा?
जिला क्षय रोग अधिकारी (DTO) डॉ. पीयूष राय ने बताया कि राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन द्वारा एचआईवी कार्यक्रम की प्रगति का आकलन 95-95-95 के मूल मानकों के आधार पर किया जाता है। एक मानक पूरा करने पर जिले को 'संघर्षशील', दो मानक पूरे करने पर 'सक्षम' और तीनों मानक हासिल करने पर 'सुरक्षित' श्रेणी में रखा जाता है। उन्होंने तीनों मानकों को कुछ इस तरह समझाया:
-
पहला 95: अनुमानित एचआईवी पॉजिटिव आबादी में से कम से कम 95 प्रतिशत लोगों को अपने एचआईवी स्टेटस की जानकारी होना।
-
दूसरा 95: जिन लोगों को अपना स्टेटस पता है, उनमें से कम से कम 95 प्रतिशत का एआरटी (ART) सेवाओं से जुड़ा होना।
-
तीसरा 95: उपचार प्राप्त कर रहे मरीजों में से कम से कम 95 प्रतिशत का वायरल लोड सप्रेस्ड या अनडिटेक्टेबल होना।
डॉ. पीयूष राय ने बताया कि वाराणसी में 4,105 मरीजों का वायरल लोड सप्रेस्ड होना इस दिशा में किए जा रहे निरंतर प्रयासों का प्रमाण है। इससे पहले वाराणसी उत्तर प्रदेश में ‘सक्षम’ घोषित होने वाला भी पहला जिला था और अब ‘सुरक्षित’ श्रेणी में प्रदेश में अव्वल आना जिले के लिए गौरव की बात है।
अधिकारियों ने जताया आभार, सामूहिक प्रयासों को दिया श्रेय
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार द्वारा नामित अपर जिलाधिकारी डॉ. सदानंद गुप्ता के मार्गदर्शन और जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. पीयूष राय के नेतृत्व में संचालित इस अभियान में चिकित्सकों, परामर्शदाताओं, लैब व तकनीकी कर्मचारियों तथा सामुदायिक संगठनों की अहम भूमिका रही।
अपर जिलाधिकारी डॉ. सदानंद गुप्ता ने कहा कि यह उपलब्धि केवल एक रैंकिंग या श्रेणी तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में बढ़ती जागरूकता और हर जरूरतमंद तक समय पर जांच, परामर्श व उपचार पहुंचाने की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। वहीं, सीएमओ डॉ. एन.पी. सिंह ने सभी स्वास्थ्यकर्मियों, सामुदायिक संगठनों और सहयोगी संस्थाओं का आभार जताते हुए कहा कि आगे भी इस स्तर को बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे।
