Varanasi Lift Accident: शादी समारोह के बीच मदरसे में लिफ्ट गिरने से युवक की मौत, एक गंभीर घायल
भेलूपुर के रेवड़ी तालाब स्थित चार मंजिला मदरसे में हादसा, स्प्रिंग टूटने की आशंका; बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान गई जान
वाराणसी,भदैनी मिरर। शहर के भेलूपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। रेवड़ी तालाब स्थित तिलभांडेश्वर इलाके के एक चार मंजिला मदरसे में लिफ्ट गिरने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।


घटना मदरसा जामिया हमीदिया रिजविया की है, जहां शादी समारोह चल रहा था। इसी दौरान मदनपुरा निवासी 22 वर्षीय आसिब आदिल और 20 वर्षीय हसनैन रजा लिफ्ट से नीचे उतर रहे थे। अचानक लिफ्ट अनियंत्रित होकर तेज आवाज के साथ नीचे गिर गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

इलाज के दौरान युवक ने तोड़ा दम
हादसे के तुरंत बाद दोनों को लोगों की मदद से बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। वहां इलाज के दौरान आसिब आदिल की मौत हो गई, जबकि हसनैन रजा के सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
भेलूपुर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार के अनुसार, प्रारंभिक जांच में लिफ्ट की स्प्रिंग टूटने की बात सामने आई है, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

शादी की खुशियां मातम में बदलीं
हादसे के बाद समारोह में शामिल लोगों में दहशत फैल गई। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों युवक दावत खाने के बाद नीचे उतर रहे थे, तभी अचानक लिफ्ट गिर गई।
लिफ्ट मरम्मत से जुड़े विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं से बचने के लिए नियमित जांच बेहद जरूरी है। कमर्शियल लिफ्ट की समय-समय पर सर्विसिंग और घरेलू लिफ्ट की हर 3 से 6 महीने में जांच करानी चाहिए।
पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे
वाराणसी में इससे पहले भी लिफ्ट से जुड़े कई हादसे सामने आ चुके हैं—
- 2019: पांडेयपुर में अपार्टमेंट की लिफ्ट में बच्चे की मौत
- 2024: मंडुवाडीह में पांचवीं मंजिल से लिफ्ट गिरने पर दो महिलाएं घायल
- 2009: कैंट स्टेशन पर लिफ्ट हादसे में दो यात्री घायल
- 2024: चितईपुर के निजी अस्पताल में लिफ्ट गिरने से एक बालक की मौत
इन घटनाओं के बावजूद सुरक्षा मानकों की अनदेखी चिंता का विषय बनी हुई है।
