वाराणसी: प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना का औचक निरीक्षण, गंदगी मिलने पर कर्मचारी का 2 दिन का वेतन काटने का निर्देश
टकटकपुर, अनौला और बसही क्षेत्र में सीवर व कूड़े के ढेर पर बिफरे वित्त मंत्री; नगर निगम अफसरों को लगी फटकार
वाराणसी / भदैनी मिरर: उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री और वाराणसी के प्रभारी मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना ने बुधवार (16 सितंबर 2026) को शहर के विभिन्न इलाकों में औचक निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान टकटकपुर, अनौला और मीरापुर बसही क्षेत्रों में जगह-जगह कूड़े का ढेर, सीवर ओवरफ्लो और बदहाल सड़कें मिलने पर उन्होंने अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। लापरवाही बरतने पर संबंधित जिम्मेदार कर्मचारी का दो दिन का वेतन काटने का कड़ा निर्देश दिया है।


मुख्य सड़कों और कॉलोनियों में मिला कूड़े का ढेर
निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने टकटकपुर मुख्य मार्ग पर सुनील जलपान की दुकान के सामने सड़क पर भारी मात्रा में कूड़ा पड़ा हुआ देखा। इसके अलावा अनौला में अमर पुष्प कुंज के सामने और अनौला-मीरापुर बसही मुख्य मार्ग पर भी गंदगी के ढेर मिले। वहीं, मीरापुर बसही रोड स्थित श्यामपुर कॉलोनी (ब्लॉक-बी) के सामने मुख्य मार्ग पर भी कूड़े का जमावड़ा पाया गया।

ओपन प्लॉट में बह रहा सीवर का गंदा पानी
निरीक्षण के दौरान मीरापुर बसही में स्वास्थ्य मेडिकल एजेंसी के पास सीवर लाइन चोक और जर्जर पाई गई, जिससे गंदा पानी पास के एक खाली प्लॉट में भर रहा था। उस भूखंड में भारी मात्रा में कचरा भी डंप था। इसके अलावा वार्ड संख्या-16 के तहत आने वाले मीरापुर बसही की कई अंदरूनी गलियां बुरी तरह से क्षतिग्रस्त पाई गईं।

वेतन काटने के निर्देश, नगर निगम अफसरों को अल्टीमेटम
सफाई व्यवस्था में इस घोर लापरवाही पर प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने सख्त रुख अपनाते हुए तत्काल प्रभाव से संबंधित क्षेत्र के सफाई कर्मचारी का 2 दिन का वेतन काटने का आदेश दिया। उन्होंने नगर नगर निगम के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए:
-
सभी चिह्नित स्थानों से तत्काल कूड़े का उठान कराया जाए।
-
सीवर ओवरफ्लो और जलजमाव की समस्या को प्राथमिकता पर दुरुस्त किया जाए।
-
क्षतिग्रस्त गलियों की अविलंब मरम्मत कराई जाए।
प्रभारी मंत्री ने दो टूक शब्दों में कहा कि काशी की सफाई व्यवस्था में किसी भी स्तर पर शिथिलता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारी खुद फील्ड में उतरकर दैनिक निगरानी करें और सुनिश्चित करें कि खाली प्लॉट या मुख्य मार्गों पर कचरा न फैले।
