Varanasi: सऊदी में बैठे पति ने बंद किया फोन, तो गुस्से में मोबाइल टावर पर चढ़ी पत्नी
प्रेम विवाह के बाद पारिवारिक कलह से परेशान थी विवाहिता, पति से बात कराने की मांग पर अड़ी, पुलिस ने सूझबूझ से उतारा नीचे
रोहनिया (वाराणसी): थाना क्षेत्र के माधोपुर इलाके में बृहस्पतिवार की दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया और भारी भीड़ जमा हो गई, जब एक विवाहिता अचानक ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। महिला के टावर पर चढ़ते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही रोहनिया थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की भारी मशक्कत और सूझबूझ के बाद महिला को समझा-बुझाकर सुरक्षित नीचे उतारा। पूछताछ में जो वजह सामने आई, उसने सबको हैरान कर दिया। दरअसल, महिला सऊदी अरब में रह रहे अपने पति द्वारा फोन न उठाने और स्विच ऑफ करने से नाराज थी।


प्रेम विवाह के बाद शुरू हुआ पारिवारिक विवाद
जानकारी के मुताबिक, रोहनिया थाना क्षेत्र की रहने वाली इस महिला की शादी करीब डेढ़ साल पहले कछवा निवासी अजीत साहनी से हुई थी। दोनों ने प्रेम विवाह (Love Marriage) किया था। शादी के कुछ समय बाद अजीत नौकरी के सिलसिले में सऊदी अरब चला गया। इधर, पिछले कुछ दिनों से महिला का अपने सास-ससुर और ससुराल पक्ष के अन्य लोगों से विवाद चल रहा था, जिसके कारण वह अपने मायके में आकर रह रही थी।

4-5 दिनों से बंद था पति का फोन
परिजनों ने बताया कि मायके में रहने के बावजूद महिला की अपने पति अजीत से मोबाइल पर लगातार बातचीत होती थी। लेकिन पिछले चार-पांच दिनों से अजीत का मोबाइल लगातार स्विच ऑफ आ रहा था। पति से संपर्क न हो पाने और ससुराल वालों की प्रताड़ना से परेशान होकर महिला मानसिक तनाव में आ गई। इसी गुस्से और अवसाद में वह घर से निकली और माधोपुर स्थित मोबाइल टावर पर जा चढ़ी।

पति से बात कराने की जिद पर अड़ी रही महिला
मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने जब महिला को नीचे आने को कहा, तो वह इस बात पर अड़ गई कि पहले उसकी उसके पति से बात कराई जाए। महिला ने पुलिस को रोते हुए बताया कि ससुराल में सास-ससुर उसे लगातार परेशान करते हैं और अब पति ने भी बात करना बंद कर दिया है, जिससे वह बेहद परेशान है। हालांकि, पुलिस अधिकारियों के काफी समझाने और कार्रवाई का भरोसा देने के बाद वह खुद ही नीचे उतर आई, जिससे प्रशासन ने राहत की सांस ली।
30 दिनों के भीतर वाराणसी में यह चौथा मामला
रोहनिया थाना के प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह ने बताया:
"यह मामला पूरी तरह से पारिवारिक विवाद से जुड़ा हुआ है। विवाहिता को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है और काउंसलिंग के बाद उसे उसके परिजनों को सौंप दिया गया है।"
चौंकाने वाली बात यह है कि वाराणसी और आसपास के जिलों में पिछले 30 दिनों के भीतर इस तरह का यह चौथा मामला है। इससे पहले भी अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पति या प्रेमी से विवाद या बातचीत न होने को लेकर तीन अन्य महिलाएं मोबाइल टावर और पानी की टंकी पर चढ़कर ऐसा ही हाई-वोल्टेज ड्रामा कर चुकी हैं।
