Varanasi: कान में ईयरफोन लगाकर रेलवे ट्रैक पर टहलना पड़ा भारी, ट्रेन की चपेट में आने से युवक के हुए दो टुकड़े
लोहता में दर्दनाक हादसा: नई दिल्ली से आ रही काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस की चपेट में आया 21 वर्षीय अमन, परिवार में कोहराम।
वाराणसी। जिल्हा मुख्यालय से सटे लोहता थाना क्षेत्र में बुधवार की सुबह एक बेहद दर्दनाक और आंखें खोल देने वाला हादसा सामने आया है। कान में ईयरफोन लगाकर रेलवे ट्रैक पर टहलना एक 21 वर्षीय युवक के लिए काल बन गया। तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक का शरीर दो हिस्सों में बंट गया। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।


भदोही से बनारस की तरफ जा रही थी काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस
भदैनी मिरर को मिली जानकारी के अनुसार, लोहता थाना क्षेत्र के बखरिया गांव के रहने वाले सुरेंद्र पाल का 21 वर्षीय बेटा अमन पाल बुधवार की सुबह घर से निकला था। वह गोपालपुर गांव के सामने से गुजर रही रेलवे लाइन पर दोनों कानों में ईयरफोन लगाकर टहल रहा था।
इसी दौरान नई दिल्ली से बनारस की तरफ आ रही डाउन काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस (Kashi Vishwanath Express) भदोही की ओर से तेज रफ्तार में आई। कानों में ईयरफोन लगे होने के कारण अमन को ट्रेन का हॉर्न और उसकी आवाज सुनाई नहीं दी, जिससे वह सीधे ट्रेन की चपेट में आ गया।

परिजनों में मचा कोहराम, माता का रो-रोकर बुरा हाल
घटना की जानकारी मिलते ही ग्राम प्रधान बखरिया सुरेश पाल सहित भारी संख्या में ग्रामीण और अमन के परिजन मौके पर दौड़ पड़े। पटरी पर अमन का क्षत-विक्षत शव देख परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक अमन अपने दो भाइयों और एक बहन में दूसरे नंबर पर था। जवान बेटे की इस तरह अचानक हुई मौत से मां उर्मिला पाल और पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

"रेलवे ट्रैक पर ईयरफोन या हेडफोन लगाकर चलना जानलेवा साबित हो सकता है। यह हादसा बेहद दुखद है और लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।" — स्थानीय प्रशासन की अपील
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
परिजनों की सूचना पर लोहता थानाध्यक्ष दिगंबर उपाध्याय पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
