वाराणसी: शादी वाले घरों के लिए खुशखबरी! अब नहीं होगी गैस की किल्लत, मात्र ₹200 में मिलेगा अस्थाई कनेक्शन
ADM आपूर्ति अमित कुमार भारतीय ने 'भदैनी मिरर' से खास बातचीत में बताया—कैसे मिलेगा तत्काल सिलेंडर, क्या है आवेदन की प्रक्रिया
भदैनी मिरर, वाराणसी।वाराणसी में शादियों का सीजन शुरू होते ही गैस सिलेंडरों की मांग बढ़ गई है। आम जनमानस को समारोह के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसे लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। अपर जिलाधिकारी (नागरिक आपूर्ति) अमित कुमार भारतीय ने भदैनी मिरर से खास बातचीत में बताया कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है और शादी वाले परिवारों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।


मात्र ₹200 में 'हैंड टू हैंड' मिलेगा अस्थाई कनेक्शन
एडीएम आपूर्ति ने बताया कि शादी-विवाह जैसे आयोजनों के लिए प्रशासन अस्थाई कमर्शियल कनेक्शन (Temporary Commercial Connection) दे रहा है। इस कनेक्शन का चार्ज मात्र ₹200 रखा गया है। आवेदन करते ही तत्काल प्रभाव से कनेक्शन जारी कर दिया जाता है, जिसके आधार पर संबंधित गैस एजेंसी से कमर्शियल सिलेंडर लिए जा सकते हैं।

आवेदन के लिए कौन से दस्तावेज हैं जरूरी?
आम जनता की सुविधा के लिए आवेदन प्रक्रिया को बेहद सरल रखा गया है। एडीएम आपूर्ति के अनुसार:
1. आवेदक को अपना आधार कार्ड और एक पहचान पत्र (ID) देना होगा।
2. जिला आपूर्ति कार्यालय या एडीएम आपूर्ति कार्यालय में एक छोटा सा फॉर्म भरना होगा।
3. इसके अलावा सिलेंडर की सिक्योरिटी और गैस की निर्धारित कीमत चुकानी होगी।

मेहमानों की संख्या के आधार पर मिलेंगे सिलेंडर
अक्सर लोगों के मन में सवाल होता है कि उन्हें कितने सिलेंडर मिल सकते हैं? इस पर स्पष्ट करते हुए अमित कुमार भारतीय ने कहा, "सिलेंडर की संख्या समारोह में होने वाली गैदरिंग (मेहमानों की संख्या) पर निर्भर करेगी। आवेदक के आमंत्रण पत्र या कार्यक्रम के स्केल का परीक्षण करने के बाद आवश्यकतानुसार सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।"
पैनिक न हों, सीधे यहां करें संपर्क
एडीएम आपूर्ति ने नागरिकों से अपील की है कि वे गैस को लेकर पैनिक (परेशान) न हों। इच्छुक व्यक्ति जिला आपूर्ति कार्यालय (DSO Office) या सीधे एडीएम आपूर्ति कार्यालय में अपना आवेदन दे सकते हैं। लोग सीधे ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (IOCL, BPCL, HPCL) के माध्यम से भी आवेदन कर सकते हैं।
वर्तमान में प्रतिदिन लगभग 15 से अधिक आवेदन एडीएम कार्यालय में आ रहे हैं, जिनका निस्तारण तत्काल किया जा रहा है। प्रशासन ने सभी गैस एजेंसियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि शादी वाले घरों में आपूर्ति में कोई देरी न हो।
