वाराणसी: छात्राओं की आंखों की हुई हाईटेक जांच, नि:शुल्क चश्मा पाकर खिले चेहरे; आचार्य सीताराम चतुर्वेदी कॉलेज में लगा शिविर
"स्वस्थ एवं सुरक्षित काशी" अभियान के तहत अनुग्रह जैन चिकित्सालय ने की अनूठी पहल
वाराणसी। डोमरी (रामनगर) स्थित आचार्य सीताराम चतुर्वेदी महिला महाविद्यालय में शनिवार को छात्राओं के स्वास्थ्य और जागरूकता को लेकर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। "स्वस्थ एवं सुरक्षित काशी" अभियान के अंतर्गत अनुग्रह जैन चिकित्सालय के सहयोग से नि:शुल्क नेत्र परीक्षण एवं चश्मा वितरण शिविर लगाया गया, जिसका लाभ महाविद्यालय की छात्राओं सहित शिक्षकों और कर्मचारियों ने उठाया।



"स्वस्थ दृष्टि– उज्जवल भविष्य" की थीम पर जांच
शिविर में अनुग्रह जैन चिकित्सालय के डॉक्टर संजय और उनकी टीम ने आधुनिक मशीनों के माध्यम से छात्राओं की आंखों की विस्तृत जांच की। परीक्षण के दौरान जिन छात्राओं की दृष्टि (आईसाइट) कमजोर पाई गई, उन्हें संस्थान की ओर से मौके पर ही नि:शुल्क चश्मा प्रदान किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य "स्वस्थ दृष्टि– उज्जवल भविष्य" की थीम को सार्थक करना रहा।

निदेशक ने जताई प्रसन्नता, भविष्य में भी लगेंगे कैंप
महाविद्यालय की निदेशक प्रो. कल्पलता पाण्डेय ने इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए कहा कि छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए उनका शारीरिक रूप से स्वस्थ होना अनिवार्य है। उन्होंने घोषणा की कि आने वाले समय में अन्य रोगों के विशेषज्ञों से संपर्क कर महाविद्यालय परिसर में समय-समय पर नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि छात्राओं को घर के पास ही बेहतर चिकित्सा परामर्श मिल सके।

जागरूकता पर जोर
डॉक्टरों ने जांच के साथ-साथ छात्राओं को डिजिटल स्क्रीन (मोबाइल-लैपटॉप) के बढ़ते उपयोग के बीच आंखों को सुरक्षित रखने के तरीके भी समझाए। इस दौरान महाविद्यालय की शिक्षिकाएं, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।
