वाराणसी के गर्ल्स हॉस्टल की छत से कूदकर छात्रा ने की खुदकुशी, डायरी में लिखा- 'जिंदगी से उब चुकी हूं'
लोहता क्षेत्र के धन्नीपुर गांव की घटना; ओड़िशा की रहने वाली 12वीं की छात्रा ने हॉस्टल की छत से लगाई छलांग, पिता बोले- नहीं चाहते कानूनी कार्रवाई
वाराणसी (भदैनी मिरर)। वाराणसी के लोहता थाना क्षेत्र अंतर्गत धन्नीपुर गांव स्थित एक गर्ल्स हॉस्टल में रविवार देर रात दुखद घटना सामने आई। हॉस्टल की छत से संदिग्ध परिस्थितियों में छलांग लगाकर 12वीं की 17 वर्षीय छात्रा ने आत्महत्या कर ली। घटना के बाद आनन-फानन में लोग उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

ओड़िशा की रहने वाली थी छात्रा
मृतक छात्रा की पहचान अनामिका (17 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से ओड़िशा के राउरकेरा (बिसरा संतोषपुर) की रहने वाली थी। वह लोहता स्थित सरस्वती इंटर कॉलेज में 12वीं कक्षा में पढ़ती थी और धन्नीपुर गांव के 'स्नेह दीप हॉस्टल' में रहकर पढ़ाई कर रही थी।

सीसीटीवी फुटेज और डायरी से खुलासा
लोहता थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना रविवार रात करीब 11 बजे की है। हॉस्टल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज की जांच करने पर छात्रा छत से कूदती हुई नजर आ रही है। जांच के दौरान पुलिस को छात्रा के कमरे से उसकी एक डायरी मिली है, जिसमें उसने लिखा था-"मैं जिंदगी से उब चुकी हूं, अब जीने का मन नहीं कर रहा है।"

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शुरुआती जांच के सिलसिले में हॉस्टल से जुड़ी चार महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की।
पिता ने कानूनी कार्रवाई से किया इनकार
घटना की सूचना मिलने पर सोमवार देर रात छात्रा के पिता बेनिड एक्का राउरकेला से वाराणसी पहुंचे। लोहता थाने पहुंचकर उन्होंने पुलिस को प्रार्थना पत्र सौंपा, जिसमें उन्होंने उल्लेख किया कि वह अपनी बेटी की मौत के मामले में किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई नहीं चाहते हैं। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर आगे की विधिक प्रक्रिया पूरी की।
