Varanasi Flood: सलारपुर गांव में घुसा बाढ़ का पानी, 50 से अधिक मकान डूबे, स्कूलों में बनाए गए राहत शिविर
वाराणसी में बाढ़ का कहर: सलारपुर के ग्रामीणों का पलायन जारी, प्रशासन ने स्कूलों में की रुकने और खाने की व्यवस्था
वाराणसी (भदैनी मिरर)। जिले के सलारपुर गांव में नदियों के बढ़ते जलस्तर ने तबाही मचानी शुरू कर दी है। गांव में लगातार घुस रहे बाढ़ के पानी के कारण हालात बेकाबू होते जा रहे हैं, जिससे दर्जनों परिवारों को अपना घर-बार छोड़कर सुरक्षित ठिकानों की ओर जाना पड़ रहा है।


50 से अधिक मकान जलमग्न, लोग पलायन को मजबूर
सलारपुर के स्थानीय निवासियों—राजेश्वर श्याम, मालती और हीना देवी—ने अपना दर्द साझा करते हुए बताया कि पानी का स्तर बेहद तेजी से बढ़ रहा है। गांव के 50 से अधिक मकान पूरी तरह जलमग्न हो चुके हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए लोग अपने जरूरी सामान, मवेशियों और परिवार के साथ सुरक्षित स्थानों तथा ऊंचे इलाकों की ओर पलायन करने को मजबूर हैं।


सरकारी स्कूलों में बने शरण स्थल, बांटी जा रही राहत
गांव के युवा शिव प्रकाश ने बताया कि बाढ़ पीड़ितों के लिए प्रशासन की ओर से त्वरित कदम उठाए जा रहे हैं। प्रभावित लोगों के रहने और भोजन के लिए 'विद्या बिहार' तथा स्थानीय सरकारी स्कूलों को शरण स्थल (रिलीफ कैंप) के रूप में तब्दील कर दिया गया है।


अधिकारियों ने लिया जायजा, शत-प्रतिशत मदद की मांग
ग्रामीणों के मुताबिक, लेखपाल समेत प्रशासनिक अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और प्रभावित क्षेत्रों का लगातार दौरा कर रहे हैं। हालांकि, कुछ ग्रामीणों का आरोप है कि अभी तक राहत सामग्री और बुनियादी सुविधाएं हर एक पीड़ित परिवार तक नहीं पहुंच पाई हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बाढ़ की विभीषिका को देखते हुए जमीनी स्तर पर राहत और बचाव कार्य में और तेजी लाई जाए।
