Varanasi Fire News: मदनपुरा में झाड़ू और पेंट की दुकान में लगी भीषण आग, ज्वेलरी शॉप और गेस्ट हाउस तक फैली लपटें
पुलिस कमिश्नरेट और फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशककत के बाद पाया आग पर काबू; एसीपी ने दी जनहानि न होने की पुष्टि
वाराणसी (भदैनी मिरर): धार्मिक और व्यस्त नगरी वाराणसी के मदनपुरा क्षेत्र में गुरुवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफ्रमी मच गई, जब एक बिल्डिंग की पहली मंजिल पर स्थित झाड़ू और पेंट की दुकान में भीषण आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप धारण कर लिया कि उसने पास की ज्वेलरी की दुकान और एक गेस्ट हाउस को भी अपनी चपेट में ले लिया।

आग की भीषण लपटें और आसमान में उठता काले धुएं का गुबार तीन किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया। श्री काशी विश्वनाथ धाम के गेट नंबर-4 तक धुएं का गुबार पहुंचने से आसपास के लोग और पर्यटक सहम उठे।
घनी आबादी वाले इलाके में मची अफरा-तफरी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। आग की भयावहता को देखते हुए आसपास के मकानों और दुकानों में मौजूद लोग घबराकर बाहर निकल आए। घनी आबादी वाला इलाका होने के कारण बड़े हादसे की आशंका जताई जा रही थी।
सूचना पाकर पुलिस कमिश्नरेट की टीम और फायर ब्रिगेड के कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे। एसीपी अतुल अंजान त्रिपाठी भी भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे और लोगों से अपील की कि वे राहत एवं बचाव कार्य में बाधा न डालें और घटनास्थल पर भीड़ न जुटाएं।
बड़ा टला हादसा, कोई जनहानि नहीं
प्रशासन और दमकल कर्मियों की त्वरित कार्रवाई के चलते आखिरकार आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। एसीपी अतुल अंजान त्रिपाठी ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंच गई थीं। रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर आग को बुझा लिया गया है। गनीमत यह रही कि इस भीषण हादसे में किसी भी प्रकार की जनहानि (Loss of Life) नहीं हुई है, हालांकि आग की चपेट में आने से काफी सामान जलकर खाक हो गया है।
