वाराणसी: बिना अनुमति सड़क खोदने पर PWD ठेकेदार पर FIR दर्ज, पांडेयपुर फ्लाईओवर के पास लगा था भीषण जाम
पीडब्ल्यूडी ठेकेदार अखंड कुमार यादव पर केस दर्ज; जाम में फंसी रहीं एंबुलेंस, पुलिस को उठानी पड़ी मशक्कत
भदैनी मिरर न्यूज़ डेस्क। वाराणसी के पांडेयपुर-सारनाथ मार्ग पर बिना प्रशासनिक अनुमति सड़क खोदकर यातायात बाधित करने के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। लोक निर्माण विभाग (PWD) के ठेकेदार के खिलाफ लालपुर-पांडेयपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। ठेकेदार की इस लापरवाही के कारण सोमवार को क्षेत्र में कई घंटों तक भीषण जाम लगा रहा, जिससे आम जनता के साथ-साथ आपातकालीन सेवाओं को भी भारी परेशानी झेलनी पड़ी।

काली मंदिर तिराहे के पास खोदी गई थी सड़क
मिली जानकारी के अनुसार, पांडेयपुर काली माता मंदिर तिराहे के समीप स्थित फ्लाईओवर के पास सोमवार को वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। देखते ही देखते पांडेयपुर चौराहे से सारनाथ की तरफ जाने वाले मार्ग पर चक्का जाम जैसी स्थिति बन गई। जब पहड़िया चौकी प्रभारी कृष्ण कुमार सरोज मौके पर पहुंचे और जाम की वजह की पड़ताल की, तो पता चला कि मुख्य सड़क पर एक बड़ा गड्ढा खोदा गया है।

एंबुलेंस और पुलिस वाहन भी फंसे रहे
जांच में सामने आया कि पीडब्ल्यूडी के ठेकेदार अखंड कुमार यादव ने किसी भी सक्षम अधिकारी से अनुमति लिए बिना ही फ्लाईओवर के पास मुख्य सड़क की खुदाई करा दी थी। इस अवैध खुदाई से न केवल सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचा, बल्कि बड़े-छोटे वाहन गड्ढे के कारण फंसने लगे। जाम इतना भयंकर था कि उसमें मरीज को ले जा रही एंबुलेंस और गश्त पर निकली पुलिस की गाड़ियां भी काफी देर तक फंसी रहीं।

चौकी प्रभारी की तहरीर पर लालपुर-पांडेयपुर थाने में मुकदमा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पहड़िया चौकी प्रभारी कृष्ण कुमार सरोज ने ठेकेदार अखंड कुमार यादव के खिलाफ लालपुर-पांडेयपुर थाने में लिखित तहरीर दी। पुलिस ने लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम और यातायात बाधित करने की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
