वाराणसी: मनबढ़ युवक की प्रताड़ना से तंग आकर युवती ने की आत्महत्या, मंगेतर को भेजी थी फोटो और अश्लील मैसेज
बाथरूम क्लीनर पीकर किया इहलीला समाप्त, पुलिस ने शव को भेजा पोस्टमार्टम
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के बड़ी खजूरी गांव में रविवार दोपहर एक 19 वर्षीय युवती ने मनबढ़ युवक की ब्लैकमेलिंग और प्रताड़ना से तंग आकर बाथरूम क्लीनर (फिनायल) पी लिया। इलाज के दौरान सोमवार सुबह बीएचयू ट्रामा सेंटर में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद से ही मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और इलाके में शोक का माहौल है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, बड़ी खजूरी गांव की रहने वाली उजाला राजभर (19) की शादी लगभग 5 महीने बाद भदोही के एक गांव में तय हुई थी। मृतका के भाई धर्मराज ने आरोप लगाया कि राजापुर (चोलापुर) निवासी गोपी उर्फ कारूँ नाम का युवक उसकी बहन को लगातार फोन पर परेशान कर रहा था। आरोपी शादी न तोड़ने पर युवती को जान से मारने और उसकी तस्वीरें वायरल करने की धमकियां दे रहा था।

आरोप है कि आरोपी ने शादी तुड़वाने की नीयत से मंगेतर को भी फोटो और अश्लील मैसेज भेज दिए। इस प्रताड़ना और मानसिक दबाव से परेशान होकर रविवार दोपहर उजाला ने घर के बाथरूम में रखा क्लीनर पी लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजन आनन-फानन में युवती को बीएचयू ट्रामा सेंटर ले गए, जहां इलाज के दौरान सोमवार की सुबह उसने दम तोड़ दिया। मृतका तीन भाइयों में इकलौती बहन (दूसरे नंबर की) थी। उसके पिता मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करते हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मिर्जामुराद थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि मृतका के भाई की तहरीर प्राप्त हो गई है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
