वाराणसी: मंडुवाडीह में गैरलाइसेंसी दुकान पर ड्रग विभाग का छापा, 25 लाख की दवाएं जब्त, संचालक हिरासत में
प्रयागराज से मंगाकर पूर्वांचल के जिलों में होती थी सप्लाई, मिलावट का शक
न्यू सर्जिकल स्टोर से भारी मात्रा में एंटीबायोटिक दवाएं बरामद, दुकान सील
ड्रग इंस्पेक्टर और पुलिस की संयुक्त टीम ने चौधरी कटरा में की कार्रवाई
वाराणसी (भदैनी मिरर): वाराणसी के मंडुवाडीह थाना क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। सोमवार देर शाम थाने के पास चौधरी कटरा स्थित 'न्यू सर्जिकल स्टोर' पर अचानक की गई छापेमारी में लगभग 25 लाख रुपये मूल्य की दवाएं जब्त की गई हैं। टीम ने दुकान को सील करते हुए उसके संचालक संदीप श्रीवास्तव को हिरासत में ले लिया है।


लाइसेंस और बिल नहीं दिखा सका संचालक
ड्रग इंस्पेक्टर चंद्रेश द्विवेदी के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान जब दुकान संचालक से दवाओं की खरीद-बिक्री से जुड़े वैध लाइसेंस, बिल और अन्य आवश्यक दस्तावेज मांगे गए, तो वह कोई भी रिकॉर्ड पेश नहीं कर सका। शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि आरोपी प्रयागराज से भारी मात्रा में दवाएं मंगाकर वाराणसी के साथ-साथ पूर्वांचल के कई अन्य जिलों में भी सप्लाई करता था। बरामद की गई दवाओं में सबसे ज्यादा संख्या एंटीबायोटिक दवाओं की है।

मिलावटी दवाओं का संदेह, लैब भेजे गए सैंपल
ड्रग विभाग को इस दुकान से मिलावटी और नकली दवाओं की बिक्री किए जाने की गोपनीय सूचना मिली थी। ड्रग इंस्पेक्टर चंद्रेश द्विवेदी ने बताया कि बरामद दवाओं के नमूने (सैंपल्स) जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं। दवाएं असली हैं या मिलावटी, इसका सटीक पता लैब की रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। फिलहाल, बिना लाइसेंस के दवाओं का अवैध भंडारण करने और खरीद-बिक्री का कोई रिकॉर्ड न होने के कारण यह सख्त कार्रवाई की गई है। ड्रग इंस्पेक्टर की ओर से आरोपी संचालक के खिलाफ मंडुवाडीह थाने में तहरीर दे दी गई है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

