Movie prime
PMC_Hospital

वाराणसी: जनता दर्शन में कड़क हुए डीएम सत्येंद्र कुमार, जमीन विवादों के लिए पुलिस-राजस्व की संयुक्त टीम तत्काल मौके पर भेजने के निर्देश

अधिकारियों को जिलाधिकारी की दो टूक— स्थलीय निरीक्षण खुद करें, अधीनस्थों के भरोसे न छोड़ें फरियादियों की समस्याएं; 10 से 12 बजे तक दफ्तर में बैठना अनिवार्य

Ad

 
fgd
WhatsApp Group Join Now

Ad

भदैनी मिरर, वाराणसी: उत्तर प्रदेश शासन की मंशा के अनुरूप जनसामान्य की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए वाराणसी के जिलाधिकारी (DM) सत्येंद्र कुमार शनिवार को पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आए। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित नियमित 'जनता दर्शन' के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीण और शहरी अंचलों से अपनी फरियाद लेकर पहुंचे नागरिकों की शिकायतों को बेहद गंभीरतापूर्वक सुना। उन्होंने एक-एक शिकायतकर्ता से व्यक्तिगत रूप से सीधा संवाद किया और मौके पर ही संबंधित विभागीय अधिकारियों को जवाबदेही तय करते हुए त्वरित, समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने का अल्टीमेटम दिया।

Ad
Ad

जमीन विवादों पर सख्त: मौके पर जाएगी पुलिस और राजस्व की संयुक्त टीम

जनता दर्शन के दौरान हमेशा की तरह इस बार भी भूमि विवाद और पैमाइश से जुड़े मामले छाए रहे। जमीन से संबंधित शिकायतों पर कड़ा रुख अपनाते हुए जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने संबंधित तहसीलदारों और थाना प्रभारियों से दूरभाष (फोन) पर सीधे वार्ता की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जमीन से जुड़े किसी भी संवेदनशील विवाद के समाधान के लिए पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम तत्काल मौके पर भेजी जाए। टीम स्थलीय निरीक्षण कर निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण तरीके से मामलों का निपटारा करे, ताकि पीड़ितों को बार-बार कलेक्ट्रेट के चक्कर न काटने पड़ें।

Ad

अधिकारियों को हिदायत: अधीनस्थों के भरोसे न छोड़ें काम

जनसुनवाई में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को सचेत करते हुए जिलाधिकारी ने दो टूक शब्दों में कहा कि जन शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है। इसमें किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जनपद स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे गंभीर मामलों में खुद मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण करें और जांच को पूरी तरह से अपने अधीनस्थों (जूनियर कर्मचारियों) के भरोसे न छोड़ें।

Ad

प्रातः 10 से 12 बजे तक कार्यालय में बैठना अनिवार्य

जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने कलेक्ट्रेट के साथ-साथ विकास भवन और अन्य सभी जनपद स्तरीय कार्यालयों के प्रभारियों को अनुशासन का पाठ पढ़ाया। उन्होंने सख्त निर्देश जारी किया कि सभी अधिकारी प्रतिदिन प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक अनिवार्य रूप से अपने कार्यालय कक्ष में बैठेंगे। इस अवधि के दौरान वे केवल जनता से मिलेंगे और उनकी फरियाद सुनकर तत्काल निस्तारण की कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। डीएम ने अधिकारियों से कहा कि वे जनसेवा के प्रति संवेदनशील रहें और अपने शासकीय दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ करें।