Varanasi Dev Deepawali: काशी में शंकराचार्य घाट पर मनाई गई 'गौदेवदीपावली', रंगोली व दीपों से उकेरी गई गौमाता की आकृति
ज्योतिष्पीठाधीश्वर शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज के आदेशानुसार गौमाता को समर्पित रहा आयोजन, श्रीविद्यामठ के प्रभारी ब्रह्मचारी परमात्मानंद जी के सान्निध्य में संतों, भक्तों व वैदिक विद्यार्थियों की रही सहभागिता
भदैनी मिरर लोकल/धर्म-संस्कृति डेस्क, वाराणसी। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार (24 नवंबर 2026) को काशी के शंकराचार्य घाट पर देव दीपावली को 'गौदेवदीपावली' के रूप में मनाया गया। श्रीविद्यामठ के प्रभारी ब्रह्मचारी परमात्मानंद जी के सान्निध्य तथा बड़ी संख्या में उपस्थित संतों, भक्तों व वैदिक विद्यार्थियों की मौजूदगी में दीप प्रज्वलित कर गौरक्षा का संदेश दिया गया।

रंगोली व दीपों से बनाई गई बछड़े को दुग्धपान कराती गौमाता की आकृति
ज्योतिष्पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज के मीडिया प्रभारी संजय पाण्डेय ने बताया कि शंकराचार्य जी महाराज के आदेशानुसार इस बार की देव दीपावली गौमाता को समर्पित की गई है। कार्यक्रम के दौरान शंकराचार्य घाट पर रंगोली और दीपों के माध्यम से बछड़े को दुग्धपान कराती गौमाता की आकर्षक आकृति उकेरी गई।
गौमाता के महत्व और राष्ट्रमाता घोषित करने की उठी मांग
आयोजन के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि सनातन परंपरा में ईश्वर और गुरु का सर्वोच्च स्थान होने के बावजूद घर में बनने वाली पहली रोटी गौमाता को समर्पित की जाती है, जो गौमाता के महत्व को दर्शाता है। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने गौमाता के जयकारे लगाते हुए गोहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने तथा गौमाता को राष्ट्रमाता व राज्यमाता घोषित करने की मांग की।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से साध्वी पूर्णांबा दीदी, रमेश उपाध्याय, हजारी कीर्ति शुक्ला, सुनील शुक्ला, के.के. द्विवेदी, शिवाकांत मिश्रा और दीपेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में वैदिक विद्यार्थी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

