Movie prime
PMC_Hospital

Varanasi Dev Deepawali 2026: देव दीपावली पर लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर होगी सख्त कार्रवाई

आगामी देव दीपावली पर्व को भव्य और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए नगर निगम प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी ने उच्चस्तरीय बैठक में अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा है कि घाटों और संपर्क मार्गों पर सीवर ओवरफ्लो या अतिक्रमण मिलने पर सीधे अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Ad

 
WhatsApp Group Join Now

Ad

वाराणसी (भदैनी मिरर ब्यूरो): विश्व प्रसिद्ध देव दीपावली (Dev Deepawali) पर्व को इस बार और अधिक भव्य, दिव्य और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए नगर निगम प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। घाटों की साफ-सफाई, सुरक्षा और रोशनी की चाक-चौबंद व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पहले ही नोडल अधिकारियों की तैनाती की जा चुकी है। इसी क्रम में मंगलवार को नगर निगम सभागार में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी (Shashwat Tripurari) ने की।

Ad

लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई - नगर आयुक्त

समीक्षा बैठक के दौरान नगर आयुक्त ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को दो टूक शब्दों में चेतावनी दी कि देव दीपावली की तैयारियों में किसी भी स्तर पर कोताही या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कड़े निर्देश देते हुए कहा कि शहर के घाटों को आपस में जोड़ने वाले प्रमुख मार्गों पर सीवर ओवरफ्लो, जलभराव, पाइपलाइन लीकेज या अतिक्रमण जैसी समस्याएं बिल्कुल नहीं होनी चाहिए।

यदि निरीक्षण के दौरान इनमें से कोई भी खामी पाई जाती है, तो संबंधित क्षेत्र के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को हिदायत दी कि वे केवल कागजी बैठकों तक सीमित न रहें, बल्कि खुद फील्ड में उतरकर जमीनी हकीकत का जायजा लें और समय रहते सभी कमियों को दुरुस्त करवाएं।

जल निगम को चेतावनी, रामकुंड की दीवार जल्द ठीक करने के निर्देश

बैठक में विशेष रूप से जल निगम के अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी गई। त्योहार के दौरान निर्बाध जलापूर्ति और जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के निर्देश देने के साथ ही, नगर आयुक्त ने रामकुंड की जर्जर दीवार की तत्काल प्रभाव से मरम्मत कराने को कहा, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके। उन्होंने जोर देकर कहा कि काशी आने वाले देश-विदेश के लाखों पर्यटकों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं।

ये अधिकारी रहे बैठक में मौजूद

समीक्षा बैठक में अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा व विनोद कुमार गुप्ता, प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी संदीप भार्गव, उद्यान अधीक्षक डॉ. बीके सिंह, जलकल के महाप्रबंधक अनूप सिंह, मुख्य वित्त एवं लेखाधिकारी मनीष कुमार शुक्ला, मुख्य नगर लेखापरीक्षक संजय प्रताप सिंह, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी कुमार असीम रंजन, पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. विजय अमृत राज सहित भेलूपुर, आदमपुर, वरुणापार और ऋषि मांडवी जोन के जोनल अधिकारी और अन्य प्रमुख विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।