वाराणसी: चोलापुर में अंबेडकर झंडे और पोस्टर को लेकर भारी तनाव, दलित समाज का प्रदर्शन; FIR दर्ज
नेहिया गांव में गतिरोध:बटुक भैरव द्वार से झंडा उतरने पर भड़का आक्रोश, बांस-बल्ली लगाकर किया चक्काजाम
वाराणसी (चोलापुर)। जनपद के चोलापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नेहिया गांव में गुरुवार को डॉक्टर अंबेडकर का झंडा हटाए जाने और पोस्टर जलाने की सूचना के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। दलित समाज के लोग बड़ी संख्या में सड़क पर उतर आए और बांस-बल्ली लगाकर चक्काजाम कर दिया। मौके पर पहुंची भारी पुलिस फोर्स ने स्थिति को संभाला, फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए फोर्स तैनात कर दी गई है।


क्या है विवाद की जड़?
जानकारी के अनुसार, अंबेडकर जयंती के दिन दलित समाज के लोगों ने जुलूस के दौरान गांव स्थित बाबा बटुक भैरवनाथ के गेट के ऊपर झंडा लगाया था। गुरुवार सुबह जब लोगों ने देखा कि वहां से झंडा गायब है, तो आक्रोश फैल गया। ग्रामीण सड़क पर बैठ गए और जमकर नारेबाजी शुरू कर दी। सूचना पर पहुंची चोलापुर पुलिस ने पहले झंडा वापस लगवाकर स्थिति को शांत कराया, लेकिन तभी दूसरे पक्ष और हिंदू संगठन के लोग भी वहां पहुंच गए। गेट पर लगे त्रिशूल के पास झंडा लगाने का विरोध होने लगा, जिसके बाद पुलिस ने सुरक्षा और विवाद टालने के मद्देनजर झंडा वापस उतरवा लिया।

पोस्टर जलाने की सूचना पर बढ़ा गुस्सा
घटना के दौरान यह सूचना भी फैली कि किसी ने बाबा साहब का पोस्टर जला दिया है, जिससे प्रदर्शनकारी और उग्र हो गए। स्थिति को बिगड़ता देख एडीसीपी वरुणा जोन लिपि नगायच फोर्स के साथ मौके पर पहुंचीं और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कराया।

एडीसीपी लिपि नगायच ने बताया कि "चौकी गोसाईपुर के ग्राम नेहिया में धरने और चक्काजाम की सूचना मिली थी। जांच में पता चला कि डॉ. अंबेडकर जी के एक पोस्टर को जलाने की सूचना थी, जिस पर मुकदमा पंजीकृत किया गयाहै। ग्राम द्वार पर त्रिशूल लगा होने के कारण वहां से दूसरा झंडा हटवा दिया गया है ताकि कोई नया विवाद न हो। मौके पर टीम गठित कर दी गई है जो सीसीटीवी कैमरों की जांच करेगी। जिन्होंने भी कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश की है, उन पर सख्त कार्रवाई होगी।"
गांव में छावनी जैसा नजारा
अधिकारियों के अनुसार, गांव में शांति व्यवस्था कायम है लेकिन एहतियात के तौर पर पुलिस बल और क्यूआरटी (QRT) को रात भर के लिए तैनात किया गया है। पुलिस ने साफ किया है कि किसी भी प्रकार की भड़काऊ स्थिति पैदा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
