वाराणसी: BHU ट्रामा सेंटर से 7 चोरी की साइकिलों के साथ शातिर चोर दीपक गिरफ्तार, दर्ज है 10 से अधिक मुकदमें
नशे की लत पूरी करने के लिए साइकिलें चुराकर औने-पौने दामों में बेचता था आरोपी, लंका पुलिस को मिली बड़ी सफलता
भदैनी मिरर (डिजिटल डेस्क)। वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस द्वारा अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना लंका पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। लंका पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर बीएचयू (BHU) ट्रामा सेंटर की पार्किंग से एक शातिर साइकिल चोर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की 7 अलग-अलग ब्रांड की साइकिलें बरामद की हैं।

मुखबिर के इशारे पर ट्रामा सेंटर पार्किंग से दबोचा गया आरोपी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 2 अक्टूबर 2026 को नगवा चौकी प्रभारी उप-निरीक्षक नवीन चतुर्वेदी और थाना लंका पुलिस टीम नगवा चौराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर खास ने पुलिस को सूचना दी कि जिस साइकिल चोर की तस्वीर की तलाश की जा रही थी, वह इस समय ट्रामा सेंटर पार्किंग के पास किसी नई वारदात को अंजाम देने की फिराक में खड़ा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत ट्रामा सेंटर गेट पर घेराबंदी की। मुखबिर के इशारे के आधार पर जैसे ही पुलिस टीम आरोपी की तरफ बढ़ी, वह हड़बड़ाकर भागने का प्रयास करने लगा। हालांकि, पुलिस टीम ने हिकमतअमली का परिचय देते हुए आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपी का खुलासा: 'नशे का खर्च चलाने के लिए करता था चोरी'
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक सेठ (उम्र 36 वर्ष), पुत्र अशोक सेठ, निवासी सब्जी मंडी के पास (थाना रामनगर के पीछे), जनपद वाराणसी के रूप में हुई है।
पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपी दीपक सेठ ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वह गंभीर रूप से नशे का आदी है। अपने नशे की लत और रोजाना के खर्चों को पूरा करने के लिए वह अस्पतालों और सार्वजनिक स्थलों की पार्किंग से साइकिलें चुराता था। इसके बाद इन चोरी की साइकिलों को राहगीरों को औने-पौने दामों में बेच देता था।
आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास (गैंगस्टर और NDPS समेत 10 मामले दर्ज)
पकड़ा गया अभियुक्त दीपक सेठ एक शातिर और अभ्यस्त अपराधी है। इसके खिलाफ वाराणसी के लंका, भेलूपुर और रामनगर थानों में चोरी, माल बरामदगी, यूपी गैंगस्टर एक्ट और एनडीपीएस (NDPS) अधिनियम के तहत कुल 10 मुकदमे दर्ज हैं।
