Varanasi Cyber Fraud: क्रिप्टो ट्रेडिंग में सवा करोड़ की ठगी, लिंक क्लिक करते ही महिला के खाते से उड़ गए 5.68 लाख
इंस्टाग्राम के जरिए कारोबारी को फंसाया, USDT में निवेश के नाम पर धोखाधड़ी; शिवपुर में फेसबुक लिंक से साइबर ठगी
वाराणसी, भदैनी मिरर। शहर में साइबर ठगी के दो बड़े मामले सामने आए हैं। महमूरगंज के एक कारोबारी को क्रिप्टो ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर सवा करोड़ रुपये की ठगी कर ली गई। वहीं शिवपुर क्षेत्र में एक महिला के खाते से लिंक क्लिक करते ही 5.68 लाख रुपये पार हो गए। दोनों मामलों में साइबर थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।


इंस्टाग्राम से शुरू हुआ सवा करोड़ का खेल
महमूरगंज के झूलेलाल नगर निवासी कारोबारी रोहित डोडवानी ने पुलिस को बताया कि 14 दिसंबर को इंस्टाग्राम पर माहिका आरुषि शर्मा नामक यूजर से संपर्क हुआ। बातचीत के दौरान उसने क्रिप्टो ट्रेडिंग में निवेश कर कई गुना मुनाफा कमाने का दावा किया।
आरोपी ने व्हाट्सऐप नंबर साझा कर एक लिंक भेजा, जिसके जरिए लॉग इन कर ट्रेडिंग शुरू कराई गई। 19 दिसंबर से 9 फरवरी के बीच रोहित ने कुल सवा करोड़ रुपये निवेश कर Tether (USDT) खरीदा।

जब रकम निकालने की कोशिश की गई तो निकासी असफल रही। ठगों ने पैसे निकालने के नाम पर अतिरिक्त 1.25 लाख रुपये और जमा करा लिए। इसके बावजूद रकम वापस नहीं मिली। बाद में अधिक निवेश करने का दबाव बनाया गया। जब पूंजी समाप्त हो गई तो दोस्तों से चर्चा के बाद ठगी का एहसास हुआ। इस बीच इंस्टाग्राम आईडी और व्हाट्सऐप नंबर बंद हो चुका था।

पुलिस ट्रांजेक्शन आईडी और मोबाइल नंबर के आधार पर जांच में जुटी है।
लिंक पर क्लिक करते ही महिला के खाते से उड़ गए 5.68 लाख
दूसरा मामला शिवपुर थाना क्षेत्र के दांदूपुर का है। यहां शिल्पा सिंह नामक महिला फेसबुक अकाउंट सेट कर रही थीं। 13 फरवरी को एक संदिग्ध लिंक सामने आया। उस पर क्लिक करते ही फोन की स्क्रीन काली हो गई।
फोन दोबारा चालू करने पर बैंक खाते से पैसे कटने के मैसेज आने लगे। कुल 5,68,997 रुपये दस ट्रांजेक्शन में अलग-अलग खातों में ट्रांसफर हो चुके थे।
मामले में साइबर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कैसे बचें साइबर ठगी से?
- अनजान लोगों के निवेश ऑफर पर भरोसा न करें
- किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें
- OTP, बैंक डिटेल या निजी जानकारी साझा न करें
- निवेश से पहले प्लेटफॉर्म की प्रामाणिकता जांचें
- साइबर हेल्पलाइन 1930 पर तुरंत शिकायत दर्ज कराएं
बढ़ रहे हैं क्रिप्टो और लिंक फ्रॉड
विशेषज्ञों का कहना है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए क्रिप्टो ट्रेडिंग और फेक लिंक के माध्यम से ठगी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। लालच और जल्द मुनाफे का झांसा लोगों को साइबर अपराधियों का शिकार बना रहा है।
पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना देने की अपील की है।
