Varanasi Crime: कफ सिरप तस्करी केस में शुभम जायसवाल पर FIR, कोर्ट में पेश न होने पर भगोड़ा घोषित करने की तैयारी
रोहनिया थाने में दर्ज हुआ मुकदमा, दुबई में छिपे होने की आशंका; हवाला कारोबारी वैभव जायसवाल जेल भेजा गया
वाराणसी। कफ सिरप तस्करी मामले में फरार चल रहे आरोपी शुभम जायसवाल की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। कोर्ट के आदेश की अवहेलना करने पर रोहनिया थाने में उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। साथ ही अब उसे भगोड़ा घोषित करने की प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है।
कोर्ट के आदेश की अनदेखी पड़ी भारी
जानकारी के मुताबिक, कोर्ट ने शुभम जायसवाल को 31 मार्च तक पेश होने का निर्देश दिया था। इसके लिए उसके ठिकानों पर कुर्की नोटिस भी चस्पा की गई थी। इसके बावजूद वह अदालत में हाजिर नहीं हुआ, जिसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।


दुबई में छिपे होने की आशंका, रेड कॉर्नर नोटिस जारी
कमिश्नरेट पुलिस के अनुसार, कफ सिरप तस्करी के मास्टरमाइंड शुभम जायसवाल के दुबई में छिपे होने की आशंका है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी कराया है और लगातार तलाश जारी है।
हवाला कनेक्शन: वैभव जायसवाल जेल भेजा गया
इस मामले में शुभम के करीबी माने जाने वाले हवाला कारोबारी वैभव जायसवाल को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पूछताछ के दौरान वैभव ने कई अहम खुलासे किए हैं। पुलिस को उसके घर से करीब 22 लाख रुपये नकद बरामद होने की भी जानकारी मिली है।
होटल और शराब कारोबार में निवेश
जांच में यह भी सामने आया है कि शुभम जायसवाल ने सिंडिकेट के तहत शराब कारोबार में निवेश किया था। वाराणसी में उसकी छह शराब की दुकानें करीबियों के नाम पर संचालित बताई जा रही हैं।

इसके अलावा, जंगमबाड़ी क्षेत्र में वैभव जायसवाल का एक आलीशान होटल भी हाल ही में तैयार हुआ है, जिसकी जांच की जा रही है। कमिश्नरेट पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।
