Varanasi Crime: भूल्लनपुर में नशे में धुत बेटे ने मां की ईंट से वार कर हत्या, बड़े भाई की तहरीर पर आरोपी गिरफ्तार
मंडुवाडीह थाना क्षेत्र में खाना देने को लेकर हुआ विवाद बना हत्या की वजह; 62 वर्षीय शीला देवी की मौत, पुलिस ने आरोपी घनश्याम को हिरासत में लिया
वाराणसी। मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के भूल्लनपुर में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक युवक ने नशे की हालत में अपनी ही मां की ईंट से वार कर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।


खाना देने को लेकर हुआ विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, भूल्लनपुर पंचायत भवन के पास रहने वाले घनश्याम नामक युवक ने अपनी मां शीला देवी (62) पर ईंट से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी नशे का आदी है। उसने अपनी मां से खाना मांगा था और इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि घनश्याम ने गुस्से में आकर ईंट से हमला कर दिया।

सिर पर ईंट से किए कई वार
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घायल महिला को अस्पताल ले जाया गया। हालांकि अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एडीसीपी वरुणा नीतू कादयान के मुताबिक, युवक द्वारा अपनी मां के सिर पर ईंट से वार किए जाने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

बड़े भाई की तहरीर पर कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, मृतका के बड़े बेटे बहादुर ने इस मामले में तहरीर दी है। उसने बताया कि घनश्याम चार भाइयों में सबसे छोटा है और नशे का आदी है। नशे की वजह से वह अक्सर परिवार से अलग रहता था।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
