Varanasi Cough Syrup Case: सपा नेता का भतीजा वैभव गिरफ्तार, सपा नेता प्रदीप जायसवाल ने दी सफाई
मुख्य आरोपी शुभम जायसवाल का करीबी निकला वैभव, करोड़ों के लेनदेन का आरोप
वाराणसी। कफ सिरप तस्करी मामले में पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। इसी क्रम में कोतवाली पुलिस और एसआईटी की संयुक्त टीम ने मुख्य आरोपी शुभम जायसवाल के करीबी वैभव जायसवाल को गिरफ्तार किया है।
हवाला कनेक्शन में गिरफ्तारी
पुलिस के मुताबिक, वैभव जायसवाल बर्तन कारोबारी है और हवाला के जरिए करोड़ों रुपये के लेनदेन में शामिल रहा है। आरोप है कि वह मुख्य आरोपी शुभम जायसवाल के काले धन को सफेद करने का काम करता था।


जांच में सामने आया है कि वैभव गोल्ड, साड़ी और अन्य सामान की खरीद-फरोख्त के जरिए ब्लैक मनी को वाइट मनी में तब्दील करता था। पुलिस को इस पूरे नेटवर्क से जुड़े कई अहम सबूत भी मिले हैं।
मुख्य आरोपी का करीबी
वैभव जायसवाल को कफ सिरप तस्करी के मास्टरमाइंड शुभम जायसवाल का करीबी बताया जा रहा है। एसआईटी और कोतवाली पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन के तहत उसे गिरफ्तार किया।

सपा नेता ने दी सफाई
वैभव जायसवाल का नाम समाजवादी व्यापार सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष Pradeep Jaiswal से जुड़ने के बाद उन्होंने सार्वजनिक रूप से सफाई दी है।
उन्होंने कहा कि उनका किसी भी अवैध गतिविधि से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पारिवारिक स्तर पर भी उनका अपने कुछ भाइयों से वर्षों से कोई संबंध नहीं है।

साथ ही उन्होंने प्रशासन से अपील की कि यदि जांच में उनकी जरूरत होगी तो वह पूरा सहयोग देंगे।
राजनीतिक हलकों में भी चर्चा
इस मामले को लेकर राजनीतिक सरगर्मी भी बढ़ गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष Akhilesh Yadav पहले ही इस मुद्दे को संसद में उठा चुके हैं और यूपी सरकार पर सवाल खड़े कर चुके हैं। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।
