Movie prime
PMC_Hospital

वाराणसी: वेयरहाउस के बाहर दर्दनाक हादसा, डीसीएम की टक्कर से कंटेनर चालक की मौत, खलासी गंभीर

वाराणसी: जानबूझकर टक्कर मारने का आशंका, सेफ एक्सप्रेस वेयरहाउस के बाहर DCM की टक्कर से कंटेनर चालक की मौत

Ad

 
सड़क हादसा
WhatsApp Group Join Now

Ad

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रखौना स्थित सेफ एक्सप्रेस वेयरहाउस के बाहर सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। कंटेनर खड़ी कर सर्विस रोड के किनारे बात कर रहे चालक और खलासी को एक अज्ञात डीसीएम ने पीछे से रौंद दिया और प्रयागराज की तरफ फरार हो गया। इस हादसे में चालक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि खलासी की हालत गंभीर बनी हुई है।

Ad

जानकारी के अनुसार, भदोही जिले के औराई थाना क्षेत्र अंतर्गत लीलाधपुर गांव निवासी केशव नाथ (42 वर्ष) अपने खलासी फतेहपुर निवासी सर्वेश यादव के साथ रखौना स्थित सेफ एक्सप्रेस वेयरहाउस के पास अपनी कंटेनर खड़ी करके सर्विस रोड के किनारे खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान राजातालाब की तरफ से तेज गति से आए एक अज्ञात डीसीएम ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया और मौके से फरार हो गया।

टक्कर की तेज आवाज सुनकर कंपनी के गेट पर तैनात सिक्योरिटी गार्ड और अन्य कर्मचारी तुरंत दौड़कर बाहर आए। उन्होंने खून से लथपथ दोनों घायलों को देखकर तुरंत मिर्जामुराद पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की सहायता से दोनों घायलों को बीएचयू ट्रामा सेंटर भिजवाया। अस्पताल में इलाज के दौरान देर रात चालक केशव नाथ की मौत हो गई, वहीं खलासी सर्वेश यादव की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।

चालक केशव नाथ की मौत की खबर मिलते ही उनके पैतृक गांव लीलाधपुर में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि केशव नाथ कंटेनर चलाकर ही अपने पूरे परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में तीन पुत्र और एक पुत्री हैं। घटनास्थल पर स्थानीय लोगों के बीच इस बात की चर्चा रही कि शायद वाहन हटाने या किसी बात को लेकर पहले कंटेनर चालक से कोई विवाद हुआ था, जिसके बाद उसने गुस्से में आकर जानबूझकर यह टक्कर मारी।

इस संबंध में मिर्जामुराद थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को ट्रामा सेंटर भिजवाया था, जहां इलाज के दौरान चालक की मौत हो गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और परिजनों की तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। अज्ञात डीसीएम की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।