वाराणसी: सीवर लाइन जाम कर जलभराव कराने की साजिश! सफाई में मिलीं बालू भरी बोरियां
शिवाला और नगवा समेत आधा दर्जन वार्डों की सीवर लाइनों में ठूंसा गया बालू-पत्थर; महापौर और नगर आयुक्त ने दिए CCTV जांच के आदेश।
भदैनी मिरर (वाराणसी): धर्मनगरी काशी की छवि को योजनाबद्ध तरीके से धूमिल करने और शहर में जलजमाव का कृत्रिम संकट पैदा करने की एक गंभीर साजिश सामने आई है। शहर के शिवाला, सरायनंदन, नगवा समेत आधा दर्जन वार्डों में मुख्य सीवर लाइनों की सफाई के दौरान बालू से भरी बोरियां, पत्थर, लकड़ी का बुरादा, प्लाई और प्लास्टिक की सामग्री ठूंसी हुई मिली है। इस षड्यंत्र का पर्दाफाश होने के बाद नगर निगम प्रशासन ने भेलूपुर थाने में अज्ञात अराजक तत्वों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए लिखित तहरीर दी है।


महापौर और नगर आयुक्त ने शिवाला में लिया जायजा
मामले की गंभीरता को देखते हुए महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शनिवार को अधिकारियों और पार्षदों की टीम के साथ शिवाला वार्ड में अग्रवाल रेडियो के समीप मौका मुआयना किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि मुख्य सीवर लाइन को जाम कर दिया गया था, जिससे सहायक गलियों में सीवर का पानी ओवरफ्लो होकर जलभराव की स्थिति बना रहा था।


12 बोरी बालू मिलने से मचा हड़कंप, CCTV फुटेज की होगी जांच
महापौर अशोक तिवारी ने बताया कि शुक्रवार की रात शिवाला क्षेत्र में सीवर लाइन की सफाई के दौरान करीब 12 बोरी बालू निकाली गई। उन्होंने कहा कि एक ही तरह की बालू भरी बोरियां सीवर में मिलना सीधे तौर पर सोची-समझी साजिश की ओर इशारा करता है।

महापौर ने कहा, "नगर निगम की टीमें दिन-रात जलजमाव के निस्तारण में लगी हैं, लेकिन पिछले 10 दिनों से भ्रामक फोटो-वीडियो प्रसारित कर निगम को टारगेट किया जा रहा था। अब इस साजिश का पर्दाफाश करने के लिए आसपास के सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि दोषियों को पकड़कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।"
भेलूपुर थाने में दी गई एफआईआर की तहरीर
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर जलकल विभाग के अधिशासी अभियंता (जोन-2) ने भेलूपुर थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिक दर्ज कराने के लिए लिखित शिकायत सौंपी है। नगर निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि यदि कोई भी व्यक्ति सीवर लाइन या सरकारी परिसंपत्तियों के साथ छेड़छाड़ करता दिखे, तो तुरंत पुलिस या नगर निगम प्रशासन को सूचित करें।
