कांग्रेस का नगर निगम घेराव, महाशिवरात्रि व रमजान से पहले सड़क- सफाई और पेयजल सुधार की मांग
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे के नेतृत्व में अपर नगर आयुक्त को सौंपा ज्ञापन, आवारा कुत्तों और टूटी गलियों का मुद्दा भी उठाया
वाराणसी,भदैनी मिरर। शहर की बदहाल नागरिक सुविधाओं को लेकर महानगर कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार को नगर निगम प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। कांग्रेस नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे के नेतृत्व में अपर नगर आयुक्त से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और आगामी महाशिवरात्रि एवं रमजान पर्व से पहले बुनियादी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की मांग की।


ज्ञापन में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि काशी जैसे धार्मिक नगरी में हर साल लाखों श्रद्धालु आते हैं, लेकिन वर्तमान में शहर की सड़कें, गलियां और सार्वजनिक स्थल बदहाली का शिकार हैं। इससे आम नागरिकों के साथ-साथ बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।


महाशिवरात्रि को लेकर उठाई तैयारी की मांग
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि आगामी 15 फरवरी को महाशिवरात्रि का पावन पर्व है। बाबा विश्वनाथ की नगरी में इस दौरान देश-विदेश से श्रद्धालु पहुंचते हैं, लेकिन शिवालयों के आसपास की सड़कें गड्ढों से भरी हुई हैं और सफाई व्यवस्था भी बेहद खराब है।

ज्ञापन में मांग की गई कि:
- शहर की प्रमुख सड़कों और शिवालयों के आसपास के गड्ढों को तत्काल भरा जाए।
- मंदिर क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए।
- मार्ग प्रकाश (स्ट्रीट लाइट) और पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
रमजान माह से पहले मस्जिद क्षेत्रों में सुविधाएं बढ़ाने की अपील
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि महाशिवरात्रि के ठीक दो दिन बाद ही पवित्र रमजान माह की शुरुआत हो रही है। ऐसे में मस्जिदों और मुस्लिम बहुल इलाकों में भी सफाई, प्रकाश और पानी की पर्याप्त व्यवस्था जरूरी है, ताकि रोजेदारों और नमाजियों को इबादत के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
गलियों में आवारा कुत्तों का आतंक, टूटी सड़कों से लोग घायल
प्रतिनिधिमंडल ने बनारस की गलियों में आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक और जर्जर सड़कों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि कई इलाकों में लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। कहीं कुत्तों के काटने की घटनाएं बढ़ रही हैं, तो कहीं टूटी सड़कों के कारण लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं।
उन्होंने नगर निगम से मांग की कि आवारा कुत्तों पर नियंत्रण के लिए ठोस कार्रवाई की जाए और गलियों की सड़कों की मरम्मत जल्द से जल्द कराई जाए।
अपर नगर आयुक्त ने दिया कार्रवाई का भरोसा
अपर नगर आयुक्त ने कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और ज्ञापन स्वीकार करते हुए आश्वासन दिया कि समय रहते सभी समस्याओं का संज्ञान लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि त्योहारों को देखते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे, ताकि शहरवासियों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
