वोट चोरी के खिलाफ हुंकार भरने दिल्ली रवाना हुए वाराणसी के कांग्रेस नेता, रामलीला मैदान में दिखाएंगे ताकत
मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के आह्वान पर जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल व महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे के नेतृत्व में दिल्ली कूच कर रहे कार्यकर्ता
वाराणसी (भदैनी मिरर)। राजधानी दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में 1 नवंबर को 'वोट चोरी' के खिलाफ आयोजित होने वाली विशाल महारैली में हुंकार भरने के लिए वाराणसी से कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं का बड़ा जत्था दिल्ली के लिए रवाना हो चुका है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के देशव्यापी आह्वान पर बनारस के कांग्रेस नेता दिल्ली कूच कर रहे हैं।

यह जत्था जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल एवं महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे के नेतृत्व में निजी साधनों, ट्रेनों और अन्य वाहनों के माध्यम से दिल्ली के लिए रवाना हुआ।
"वोट चोरी लोकतंत्र पर सीधा हमला" - कांग्रेस
रवानगी के दौरान जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल एवं महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने संयुक्त बयान जारी करते हुए कहा "वोट चोरी लोकतंत्र पर सीधा हमला है। देश के प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा करना कांग्रेस पार्टी की सर्वोच्च प्राथमिकता है। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी जी के नेतृत्व में कांग्रेस लोकतंत्र को बचाने और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए निर्णायक लड़ाई लड़ रही है। वाराणसी सहित पूरे देश में वोट चोरी को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं, जिनका सरकार को जवाब देना ही होगा। रामलीला मैदान की महारैली में वाराणसी के कांग्रेसजन लोकतंत्र की रक्षा का संकल्प लेंगे।"
युवा कांग्रेस में भारी उत्साह, चंचल शर्मा की अगुवाई में रवाना हुए युवा
महानगर युवा कांग्रेस के अध्यक्ष चंचल शर्मा की अगुवाई में युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की टोली भी दिल्ली के लिए रवाना हुई। दिल्ली रवाना होने से पहले युवा कार्यकर्ताओं में महारैली को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा गया। युवाओं का कहना है कि वे निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था, लोकतंत्र की रक्षा और जनता के मताधिकार की सुरक्षा के लिए दिल्ली के रामलीला मैदान में मजबूती से अपनी आवाज उठाएंगे।
वाराणसी से दिल्ली जाने वालों में ये प्रमुख नेता शामिल
दिल्ली की इस महारैली में हिस्सा लेने के लिए वाराणसी से रवाना होने वाले प्रमुख नेताओं व कार्यकर्ताओं में जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, युवा कांग्रेस महानगर अध्यक्ष चंचल शर्मा, अरविंद पटेल, वकील अंसारी, महेश चौबे, आशीष गुप्ता, संतोष मौर्य, रोहित दुबे, अनुभव राय, लक्ष्मी नारायण यादव, अजय सिंह, आयुष पटेल, ईशान पटेल, अतुल उपाध्याय, शिवम सिंह, प्रमोद पटेल, परवेज ख़ान, प्रिंस चौबे आदि।
