Varanasi : पुस्तक ‘शारीरिक शिक्षा एवं योग’ का हुआ विमोचन,स्नातक छात्रों के लिए साबित होगी बेहद उपयोगी
पुस्तक राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) के तहत स्नातक छात्रों के लिए तैयार की गई
वाराणसी (भदैनी मिरर ब्यूरो): मां के प्रति अगाध प्रेम, सम्मान और कृतज्ञता की अनूठी मिसाल पेश करते हुए वाराणसी में डॉ. संतोष यदुवंशी और डॉ. संगीता यदुवंशी द्वारा लिखित पुस्तक ‘शारीरिक शिक्षा एवं योग’ का औपचारिक विमोचन किया गया। लेखकों ने इस पुस्तक को अपनी स्वर्गीय माता श्रीमती सत्यभामा यादव की पवित्र स्मृति को समर्पित किया है। इस विमोचन समारोह की सबसे खास बात यह रही कि मां को समर्पित इस कृति का विमोचन लेखिका के पिता और प्रख्यात अधिवक्ता श्री मंशा राम यादव (एडवोकेट) के कर-कमलों द्वारा संपन्न हुआ।

NEP-2020 के पाठ्यक्रम को ध्यान में रखकर तैयार की गई है पुस्तक
इस अवसर पर पुस्तक की प्रथम लेखिका डॉ. संतोष यदुवंशी ने जानकारी दी कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) के अंतर्गत स्नातक स्तर पर बी.ए. (BA), बी.एससी. (BSc) एवं बी.कॉम. (BCom) समेत सभी संकायों के छात्र-छात्राओं के लिए 'शारीरिक शिक्षा एवं योग' को एक अनिवार्य सह-पाठ्यक्रम (Co-Curricular) के रूप में शामिल किया गया है। छात्रों की इसी शैक्षणिक आवश्यकता और परीक्षा संबंधी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए इस संपूर्ण अध्ययन सामग्री का सृजन किया गया है।
पुस्तक की प्रमुख विशेषताएं
लेखिका ने बताया कि इस पुस्तक की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें पाठ्यक्रम के तीनों प्रमुख पहलुओं को समाहित किया गया है:
-
सैद्धांतिक अध्ययन (Theory): विषय की विस्तृत और सरल व्याख्या।
-
वस्तुनिष्ठ प्रश्न (Objective Questions): परीक्षा पैटर्न के अनुसार बहुविकल्पीय प्रश्नों का संकलन।
-
प्रयोगात्मक कार्य (Practical): योग और शारीरिक शिक्षा से जुड़े प्रैक्टिकल की संपूर्ण जानकारी।
पुस्तक की मूल भावना ‘मुक्ति से मोक्ष की ओर’ भारतीय प्राचीन ज्ञान परंपरा, शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक शांति और आध्यात्मिक उन्नति के बीच एक बेहतरीन समन्वय स्थापित करती है।
विमोचन समारोह में रहे ये गणमान्य लोग उपस्थित
पुस्तक के विमोचन अवसर पर कई प्रतिष्ठित लोग उपस्थित रहे, जिनमें मुख्य रूप से एडवोकेट मंशा राम यादव के सहकर्मी श्री उदय नारायण सिंह, सुरेंद्र चंद्र, रामेश्वर राय, धर्मेंद्र पांडेय, विकास राय, कु० सुनीता और कु० किरण यादव सहित तमाम गणमान्य नागरिक शामिल रहे। उपस्थित सभी अतिथियों ने इस सराहनीय साहित्यिक एवं शैक्षणिक प्रयास की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए लेखकों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। निश्चित तौर पर यह पुस्तक काशी और आसपास के विश्वविद्यालयों के स्नातक विद्यार्थियों के लिए मील का पत्थर साबित होगी।
