Movie prime
PMC_Hospital

वाराणसी: मणिकर्णिका घाट पर अंतिम संस्कार के दौरान खूनी संघर्ष, युवक पर जानलेवा हमला; 6 नामजद समेत कई पर FIR

महाश्मशान पर लाठी-डंडों से मारपीट के बाद मची अफरा-तफरी, गंभीर रूप से घायल युवक BHU ट्रॉमा सेंटर में भर्ती; सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर चौक पुलिस की बड़ी कार्रवाई।

Ad

 
rtg
WhatsApp Group Join Now

Ad

वाराणसी (भदैनी मिरर डेस्क): मोक्षदायिनी काशी के प्रसिद्ध महाश्मशान मणिकर्णिका घाट पर शुक्रवार देर शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब अंतिम संस्कार में शामिल होने आए लोगों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी खूनी संघर्ष में बदल गई और मनबढ़ों ने एक युवक पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक घाट पर ही बेहोश हो गया, जिसे आनन-फानन में बीएचयू (BHU) ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

Ad

जानिए क्या है पूरा मामला?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चंदौली जिले के रामगढ़ निवासी रमेश सिंह 9 अक्टूबर को अपने बहनोई (दिवंगत बंशनारायण सिंह) के अंतिम संस्कार में शामिल होने परिवार के साथ मणिकर्णिका घाट आए थे। रमेश सिंह का आरोप है कि दाह संस्कार की प्रक्रिया के दौरान उनके भांजे अभिषेक सिंह (निवासी गोपपुर, चोलापुर) को कुछ स्थानीय और दबंग किस्म के लोगों ने जान से मारने की धमकी दी और अचानक लाठी-डंडों से हमला बोल दिया।

मारपीट इतनी भीषण थी कि अभिषेक सिर और शरीर पर गंभीर चोटें लगने के कारण मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा। घटना के बाद महाश्मशान पर अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।

6 नामजद समेत अज्ञात के खिलाफ FIR दर्ज

पीड़ित के मामा रमेश सिंह की लिखित तहरीर के आधार पर चौक थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। दर्ज एफआईआर के अनुसार आरोपी हैं:

  • ऋषिकेश चौधरी (निवासी जंसा)

  • बादल चौधरी (निवासी रामेश्वरम, जंसा)

  • गोलू

  • शनि चौधरी (निवासी मीरघाट)

  • गुड्डू चौधरी (निवासी बड़ी गैबी)

  • अनिल (निवासी मीरघाट)

  • इसके अलावा कुछ अन्य अज्ञात लोग।

मामले की विस्तृत जांच उपनिरीक्षक (SI) हिमांशु मिश्रा को सौंपी गई है।

पुलिस एक्शन: वायरल वीडियो के आधार पर 6 हिरासत में

घटना के दौरान घाट पर हुई मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो गया। वीडियो का संज्ञान लेते हुए चौक पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और मौके व आसपास के इलाकों से 6 युवकों को हिरासत में ले लिया।

थाना प्रभारी (इंस्पेक्टर) विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि हिरासत में लिए गए सभी संदिग्धों से चौक थाने में कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। वायरल वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर विधिक कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है, और घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।