वाराणसी: लॉरेंस इंटरनेशनल स्कूल की कबड्डी प्रतियोगिता में बाल विद्यालय डोमरी ने गाड़ा झंडा, हासिल किया तीसरा स्थान
सारनाथ में आयोजित अंतर-विद्यालय कबड्डी प्रतियोगिता में बाल विद्यालय माध्यमिक स्कूल के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन कर विद्यालय का मान बढ़ाया।
भदैनी मिरर डिजिटल डेस्क, वाराणसी: खेल के मैदान पर एक बार फिर वाराणसी के बाल विद्यालय माध्यमिक स्कूल, डोमरी (पड़ाव) के विद्यार्थियों ने अपनी बेहतरीन खेल प्रतिभा का परचम लहराया है। सारनाथ स्थित द लॉरेंस इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित अंतर-विद्यालय कबड्डी प्रतियोगिता में विद्यालय की टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए तृतीय स्थान पर कब्जा जमाया है।


रोमांचक मुकाबलों में दिखाया आक्रामक खेल
प्रतियोगिता में कई प्रतिष्ठित विद्यालयों की टीमों ने हिस्सा लिया था, जहां सभी मुकाबले बेहद रोमांचक रहे। बाल विद्यालय की टीम ने शुरुआत से ही अनुशासित और आक्रामक खेल का परिचय दिया। खिलाड़ियों के बीच बेहतरीन तालमेल, शानदार टीम वर्क और अद्भुत संघर्ष क्षमता ने न सिर्फ दर्शकों का दिल जीता, बल्कि कड़े मुकाबलों में भी टीम को मजबूती प्रदान की।

निदेशक और प्रधानाचार्य ने दी बधाई
बाल विद्यालय की इस शानदार उपलब्धि पर विद्यालय के निदेशक मुकुल पांडेय ने विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत और सामूहिक प्रयास का परिणाम है। विद्यालय में पढ़ाई के साथ-साथ खेलों को भी समान महत्व दिया जाता है, जिससे बच्चों का सर्वांगीण विकास हो सके।
वहीं, प्रधानाचार्य अशोक तिवारी ने खिलाड़ियों और खेल प्रशिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके सटीक मार्गदर्शन और बच्चों के समर्पण से ही यह मुकाम हासिल हुआ है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। इस सफलता पर पूरे विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है।
