वाराणसी: मछोदरी पार्क के तालाब किनारे लगेंगी आकर्षक लाइटें, नगर आयुक्त ने सुंदरीकरण और स्वच्छता के दिए सख्त निर्देश
पार्षद की मांग पर 'श्री ओम कालेश्वर द्वार' के निर्माण का दिया आश्वासन, कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन की स्थिति सुधारने के निर्देश
वाराणसी (भदैनी मिरर न्यूज़): वाराणसी नगर निगम शहर की सुंदरता और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। इसी क्रम में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने सोमवार को मछोदरी पार्क और आसपास के वार्ड में रात्रिकालीन साफ-सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मछोदरी पार्क परिसर, तालाब, स्मार्ट स्कूल और कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए।


तालाब किनारे लगेंगी लाइटें, पाथवे और बागवानी का होगा कायाकल्प
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने मछोदरी पार्क स्थित तालाब के किनारों पर आकर्षक लाइटें लगाने के निर्देश दिए, जिससे रात के समय पार्क की खूबसूरती और निखर सके। इसके साथ ही पार्क के पाथवे की पेंटिंग कराने, किनारों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने और बागवानी (हॉर्टिकल्चर) के कार्यों को बेहतर बनाने के लिए कहा। उन्होंने पार्क में पर्याप्त रोशनी बनाए रखने के उद्देश्य से हाई मास्ट लाइट स्थापित करने का भी आदेश दिया।


मछोदरी स्मार्ट स्कूल की होगी री-पेंटिंग, बनेगा 'श्री ओम कालेश्वर द्वार'
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने मछोदरी स्मार्ट स्कूल की पेंटिंग धूमिल देखकर गहरी नाराजगी जताई और तत्काल दोबारा पेंट कराने के आदेश दिए। इस मौके पर स्थानीय पार्षद ने मछोदरी स्मार्ट स्कूल एवं मछोदरी पुलिस चौकी के समीप 'श्री ओम कालेश्वर द्वार' के निर्माण का प्रस्ताव रखा। नगर आयुक्त ने इस पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों से तुरंत औपचारिक प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा।


कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन के सुंदरीकरण के निर्देश
निरीक्षण के अगले चरण में नगर आयुक्त मछोदरी स्थित कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन पहुंचे। वहां परिसर का फर्श जगह-जगह से टूटा पाए जाने पर उन्होंने तुरंत मरम्मत कराने के निर्देश दिए। साथ ही सुरक्षा के लिहाज से मुख्य गेट लगाने और परिसर के अंदर बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।
इस निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय पार्षद सुरेश चौरसिया, अभिजीत भारद्वाज "लकी", स्मार्ट सिटी के सीजीएम, जल निगम के अधिशासी अभियंता सहित नगर निगम के कई विभागीय अधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
