वाराणसी: कल रात से 1 जून तक बंद रहेगा आशापुर फ्लाईओवर, मरम्मत कार्य के चलते ट्रैफिक पुलिस ने जारी किया बड़ा डायवर्जन प्लान
फ्लाईओवर के दाहिने रैम्प पर लीकेज ठीक करने के लिए लिया गया ब्लॉक, गाजीपुर और आजमगढ़ रूट के यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी.
वाराणसी (भदैनी मिरर): वाराणसी के आशापुर क्षेत्र से होकर गुजरने वाले वाहन चालकों के लिए एक बेहद जरूरी और महत्वपूर्ण खबर है. आशापुर फ्लाईओवर के दाहिने तरफ बने रैम्प पर लीकेज की मरम्मत का कार्य किया जाना है. इसके चलते इस रूट पर यातायात को पूरी तरह से प्रतिबंधित करते हुए रूट डायवर्जन लागू किया गया है.


फ्लाईओवर पर मरम्मत कार्य 30 मई की रात 11:00 बजे से शुरू होकर 1 जून की सुबह 05:00 बजे तक चलेगा. इस दौरान फ्लाईओवर पर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा. एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान मिश्रा ने जनता की सुविधा के लिए नया रूट चार्ट (ट्रैफिक डायवर्जन प्लान) जारी किया है, ताकि लोगों को जाम की समस्या से न जूझना पड़े.

गाजीपुर और संदहा की ओर से आने-जाने वालों के लिए नया रूट
मरम्मत कार्य के दौरान गाजीपुर और संदहा की तरफ से आने वाले सभी प्रकार के वाहन (जिन्हें पहड़िया मण्डी या वाराणसी शहर की तरफ आना है), वे अब इस रास्ते से जाएंगे:
-
नया रूट: वाहन चालक संदहा से सेंट जॉन्स तिराहा आएंगे. वहाँ से बाएं मुड़कर तिलमापुर होते हुए चन्द्रा चौराहा पहुंचेंगे. इसके बाद अशोका तिराहा से होकर पहड़िया मंडी की तरफ आ सकेंगे.
-
शहर से बाहर जाने का मार्ग: शहर से गाजीपुर की तरफ बाहर जाने वाले वाहनों को भी इसी बदले हुए मार्ग (अशोका तिराहा-चन्द्रा चौराहा-तिलमापुर-सेंट जॉन्स तिराहा) का पालन करना होगा.
आजमगढ़ और हरहुआ की ओर से आने वाले वाहनों के लिए व्यवस्था
आजमगढ़ और हरहुआ की तरफ से आने वाले सभी प्रकार के छोटे-बड़े वाहन, जो पहड़िया मंडी, सारनाथ या आशापुर की तरफ आना चाहते हैं, उनके लिए निम्नलिखित मार्ग निर्धारित किया गया है:

-
नया रूट: ये वाहन आजमगढ़ अंडरपास से होकर बावनबीघा पहुंचेंगे. वहां से पुराना पुलिस चौकी लालपुर कट से होते हुए भक्ति नगर कॉलोनी जाएंगे. इसके बाद काली माता मंदिर तिराहा से बाएं मुड़कर पहड़िया मंडी की तरफ आ सकेंगे.
पहड़िया मंडी से शहर से बाहर जाने वाले वाहनों का रूट
पहड़िया मंडी से शहर से बाहर (आजमगढ़/हरहुआ की तरफ) जाने वाले सभी प्रकार के वाहनों के लिए ट्रैफिक पुलिस ने यह रूट तय किया है:
-
नया रूट: पहड़िया मंडी से निकलने के बाद वाहन अशोका तिराहा पहुंचेंगे. वहां से आरटीओ कट तिराहा होकर बाएं मुड़ेंगे और हवेलिया चौराहा से होते हुए रिंग रोड पर निकल जाएंगे, जहाँ से वे अपने गंतव्य की ओर आगे बढ़ सकेंगे.
