Varanasi: दिवंगत नेता नत्थू पहलवान को श्रद्धांजलि देने श्री गोवर्धनपुर पहुंचे अखिलेश यादव
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को देखने उमड़े सपाई; अखिलेश यादव ने कहा- दुख की इस घड़ी में परिवार के साथ खड़ी है पार्टी।
राजनीतिक डेस्क, भदैनी मिरर (वाराणसी): समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव मंगलवार को वाराणसी पहुंचे। उन्होंने लंका थाना क्षेत्र स्थित श्री गोवर्धनपुर जाकर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं जिला पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष दिवंगत राजेश यादव उर्फ 'नत्थू पहलवान' के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान सपा प्रमुख ने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात की और दुख की इस कठिन घड़ी में पूरी पार्टी को उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।

अपने नेता की एक झलक पाने को उमड़ी समर्थकों की भीड़
अखिलेश यादव के वाराणसी आगमन की खबर मिलते ही सुबह से ही श्री गोवर्धनपुर और लंका क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज हो गई थी। अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत और उन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी, नेता और कार्यकर्ता मौके पर एकत्र हो गए। जैसे ही अखिलेश यादव का काफिला श्री गोवर्धनपुर पहुंचा, समर्थकों ने नारेबाजी कर अपने नेता का अभिवादन किया।
शोक में डूबा श्री गोवर्धनपुर, भावुक हुआ माहौल
दिवंगत राजेश यादव उर्फ नत्थू पहलवान समाजवादी पार्टी के एक जमीनी, समर्पित और लोकप्रिय नेता थे। उनके असमय निधन से स्थानीय कार्यकर्ताओं और समर्थकों में गहरा शोक व्याप्त है। अखिलेश यादव जब दिवंगत नेता के आवास पर पहुंचे, तो वहां माहौल बेहद भावुक हो उठा। अखिलेश यादव ने परिजनों को सांत्वना देते हुए कहा कि नत्थू पहलवान का निधन पार्टी के लिए एक अपूरणीय क्षति है।
नत्थू पहलवान के आवास पर पिछले कई दिनों से राजनीतिक और सामाजिक जीवन से जुड़ी प्रमुख हस्तियों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। अखिलेश यादव के इस दौरे से कार्यकर्ताओं को संबल मिला, वहीं अपने लोकप्रिय नेता को खोने का दुख भी लोगों के सिर चढ़कर बोल रहा था।
