Movie prime
PMC_Hospital

Varanasi Air Show: काशी में एयर शो का भव्य रिहर्सल; राफेल-सुखोई की गर्जना से गूंजा नमो घाट

गंगा नदी पर लड़ाकू विमानों का लो-लेवल फ्लाईपास्ट और सूर्य किरण टीम के करतब देख रोमांचित हुए लोग; 25 अक्टूबर को पीएम मोदी करेंगे शिरकत

Ad

 
esd
WhatsApp Group Join Now

Ad

वाराणसी (भदैनी मिरर): भारतीय वायुसेना के 94वें स्थापना वर्ष के उपलक्ष्य में वाराणसी में होने वाले ऐतिहासिक 'एयर शो' से पहले बुधवार को शहर में इसका ग्रैंड रिहर्सल किया गया। शहर के नमो घाट और गंगा तट का इलाका लड़ाकू विमानों की गर्जना और कमांडोज के साहसिक करतबों से गूंज उठा। रिहर्सल के दौरान आसमान में अद्भुत नजारा देखने को मिला, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग घाटों पर मौजूद रहे।

Ad

क्रूज पर उतरे कमांडोज, राफेल ने दिखाया दम

रिहर्सल के दौरान सुरक्षा बलों का अदम्य साहस देखने को मिला, जब नमो घाट के पास गंगा में चल रहे क्रूज पर हेलिकॉप्टर से कमांडोज उतरे। पलक झपकते ही कमांडोज ने मोर्चा संभाला और कुछ ही देर में फुर्ती के साथ रस्सी के सहारे वापस हेलिकॉप्टर पर चढ़कर रवाना हो गए।

इसके साथ ही आसमान में राफेल (Rafale), सुखोई (Sukhoi) समेत करीब 20 लड़ाकू विमानों ने अपने कलाबाजियों से लोगों को रोमांचित कर दिया। राफेल की गड़गड़ाहट से पूरा नमो घाट गूंज उठा। लड़ाकू विमानों ने गंगा नदी के ऊपर बेहद कम ऊंचाई पर उड़ते हुए (लो-लेवल फ्लाईपास्ट) अद्भुत करतब दिखाए। एयर शो की शुरुआत प्रसिद्ध 'सूर्य किरण' एरोबेटिक टीम के साथ हुई।

तीन दिनों तक सजेगा आसमान, 25 को आएंगे पीएम मोदी

वायुसेना की ओर से घाट पर मौजूद दर्शकों को लड़ाकू विमानों की उड़ान और उनकी तकनीकी विशेषताओं की जानकारी भी दी गई। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे परिसर को सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रखा गया है और दर्शकों को कड़े त्रि-स्तरीय (Three-Layer) सुरक्षा जांच के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है।

बता दें कि यह भव्य एयर शो 22, 23 और 25 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा। श्रृंखला के अंतिम दिन यानी 25 अक्टूबर को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस ऐतिहासिक एयर शो के गवाह बनने वाराणसी पहुंचेंगे।