Movie prime
PMC_Hospital

Varanasi Accident: ससुराल जा रहे युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत, अज्ञात वाहन ने कुचला

फूलपुर थाना क्षेत्र के कुआर-कठिरावं मार्ग पर हादसा; सूरत से छुट्टी पर घर आए सुनील वर्मा की मौके पर ही गई जान, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस।

Ad

 
accident
WhatsApp Group Join Now

Ad

भदैनी मिरर लोकल डेस्क: वाराणसी जिले के फूलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुआर-कठिरावं मार्ग पर सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। बाइक से अपनी पत्नी और बच्चों को लेने ससुराल जा रहे 35 वर्षीय युवक सुनील वर्मा को किसी अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

Ad

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।

बचौरा भट्ठे के पास हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, जौनपुर जिले के केराकत क्षेत्र स्थित कुसहां गांव निवासी सुनील वर्मा (35 वर्ष) सोमवार को दोपहर लगभग डेढ़ बजे अपनी मोटरसाइकिल से कठिरांव (जंगलपुर) स्थित अपनी ससुराल जा रहे थे।

जैसे ही वे कुआर-कठिरावं मार्ग पर बचौरा स्थित ईंट भट्ठे के पास पहुँचे, तभी सामने से आ रहे एक अनियंत्रित अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और कुचलता हुआ निकल गया। गंभीर चोटें आने के कारण सुनील की मौके पर ही मृत्यु हो गई।

पहचान पत्र से हुई शिनाख्त, दो किमी दूर ससुराल में मचा कोहराम

हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर पहुँची पुलिस ने मृतक की जेब से मिले पहचान पत्र और मोबाइल फोन के आधार पर उसकी शिनाख्त की।

दुर्घटनास्थल से महज दो किलोमीटर की दूरी पर स्थित ससुराल में जब हादसे की सूचना पहुँची, तो परिजनों में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन और रिश्तेदार तुरंत मौके पर पहुँचे।

तीन दिन बाद सूरत लौटने वाला था सुनील

मृतक सुनील वर्मा गुजरात के सूरत शहर में एक निजी फैक्ट्री में कार्यरत थे और हाल ही में छुट्टी लेकर अपने गांव घर आए थे। परिजनों ने बताया कि तीन दिन बाद ही उन्हें वापस सूरत लौटना था, लेकिन उससे पहले ही इस भयावह हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं।

फूलपुर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अजयराज वर्मा ने बताया कि पुलिस ने शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अज्ञात वाहन की पहचान के लिए घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही वाहन और चालक का पता लगा लिया जाएगा।