Movie prime
PMC_Hospital

Varanasi: ट्रॉमा सेंटर विवाद में नया मोड़! प्रशासन की FIR के बाद सामने आई महिला जूली गोंड, BHU गार्डों पर लगाया घसीटकर पीटने का गंभीर आरोप

 ट्रॉमा सेंटर प्रशासन द्वारा मुकदमा दर्ज कराए जाने के बाद अब पीड़ित महिला ने लगाई इंसाफ की गुहार

Ad

 
WhatsApp Group Join Now

Ad

वाराणसी (भदैनी मिरर)। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के ट्रॉमा सेंटर परिसर में सुरक्षाकर्मियों और एक महिला के बीच हुए विवाद का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। ट्रॉमा सेंटर प्रशासन द्वारा महिला के खिलाफ लंका थाने में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराए जाने और वायरल वीडियो को भ्रामक बताए जाने के बाद अब खुद वह महिला सामने आई है। लंका थाना क्षेत्र के टिकरी इलाके में रहने वाली जूली गोंड ने मीडिया के सामने अपनी आपबीती सुनाते हुए बीएचयू के सुरक्षा गार्डों और स्थानीय पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

Ad

वायरल वीडियो के बाद सामने आकर सुनाई आपबीती 

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में एक व्यक्ति महिला को घसीटते और उसके साथ मारपीट करते हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो में दिख रही महिला की पहचान जूली गोंड के रूप में हुई है, जो मूल रूप से चंदौली की निवासी हैं और वर्तमान में वाराणसी के टिकरी क्षेत्र स्थित अपने ससुराल में रहती हैं।
जूली गोंड ने वीडियो में दिख रहे शख्स के बीएचयू का सुरक्षा गार्ड होने का दावा करते हुए कहा कि उनके साथ न केवल अभद्रता की गई, बल्कि उन्हें बुरी तरह घसीटा और पीटा गया।

नगवा चौकी और लंका थाने में भी पिटाई का लगाया आरोप

पीड़िता जूली गोंड ने घटनाक्रम बयां करते हुए आरोप लगाया कि ट्रॉमा सेंटर की घटना के बाद उन्हें नगवा पुलिस चौकी ले जाया गया था। उनका दावा है कि चौकी पर चार पुलिसकर्मियों और तीन सुरक्षा गार्डों ने मिलकर उनके साथ मारपीट की, जिससे वह बेहोश हो गईं।

महिला यहीं नहीं रुकीं, उन्होंने आगे आरोप लगाया कि इसके बाद उन्हें लंका थाने ले जाया गया, जहां एक पुलिसकर्मी ने उन्हें पांच थप्पड़ मारे और उनके साथ गाली-गलौज व अभद्र भाषा का प्रयोग किया। पीड़िता का कहना है कि इस पूरे घटनाक्रम ने उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से तोड़ दिया है। उन्होंने उच्चाधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।

प्रशासन के दावों और महिला के आरोपों के बीच उठे कई सवाल


गौरतलब है कि इससे पहले ट्रॉमा सेंटर प्रशासन ने आधिकारिक बयान जारी कर कहा था कि महिला मरीज नहीं थी और वह कतार तोड़कर जबरन एक व्यक्ति को दिखाने की कोशिश कर रही थी। प्रशासन ने आरोप लगाया था कि महिला ने सुरक्षाकर्मियों से हाथापाई की, जिसके बाद उसके खिलाफ लंका थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई।
हालांकि, अब महिला के बयानों और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो ने इस पूरे प्रकरण में कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक तरफ अस्पताल प्रशासन इसे सुरक्षाकर्मियों की आत्मरक्षा बता रहा है, तो दूसरी तरफ महिला पुलिस और गार्डों पर बर्बरता का आरोप लगा रही है। फिलहाल, इस पूरे मामले में पुलिस प्रशासन के आधिकारिक पक्ष और निष्पक्ष जांच का इंतजार है, ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके।