वाराणसी: भिखारीपुर पावर हाउस के वर्कशॉप में भोर में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक-VIDEO
ट्रांसफार्मर तेल और कॉपर के कारण आग ने लिया विकराल रूप; 500 मीटर तक धुएं का गुबार, दमकल की 5 गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू।
वाराणसी (भदैनी मिरर डेस्क):
वाराणसी के चितईपुर थाना क्षेत्र के भिखारीपुर स्थित पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम (PVVNL) परिसर में सोमवार भोर में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। एमडी कार्यालय के समीप स्थित ट्रांसफार्मर रिपेयरिंग वर्कशॉप और स्क्रैप गोदाम में लगी इस आग ने लाखों रुपये की संपत्ति को अपनी चपेट में ले लिया।


भोर में उठा आग का तांडव
जानकारी के अनुसार, सोमवार भोर करीब तीन बजे अचानक वर्कशॉप से धुएं का गुबार उठने लगा। वर्कशॉप के भीतर भारी मात्रा में ट्रांसफार्मर का तेल और अन्य ज्वलनशील सामग्री होने के कारण देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें इतनी ऊंची थीं कि दूर-दूर से दिखाई दे रही थीं और लगभग 500 मीटर के दायरे में तेल के जलने की गंध और धुएं के कारण लोगों को सांस लेने में कठिनाई होने लगी। दहशत के मारे आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।

3 घंटे का रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही चितईपुर पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग की भयावहता को देखते हुए एक के बाद एक कुल पांच दमकल की गाड़ियां बुलाई गईं। अग्निशमन कर्मियों ने करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह लगभग छह बजे आग पर पूरी तरह काबू पाया।

लाखों का नुकसान, कारण अज्ञात
इस अग्निकांड में गोदाम में रखे लाखों रुपये के पुराने ट्रांसफार्मर, भारी मात्रा में तेल, कॉपर (तांबा) और कीमती तार जलकर राख हो गए हैं। हालांकि, आग लगने के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश गौतम ने बताया कि बिजली विभाग की ओर से फिलहाल कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।
एक साल पहले भी हुई थी घटना
हैरानी की बात यह है कि इसी वर्कशॉप के गोदाम में ठीक एक साल पहले भी ऐसी ही भीषण आग लगी थी। बार-बार हो रही इन घटनाओं ने बिजली विभाग की सुरक्षा व्यवस्था और फायर ऑडिट पर बड़े सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।
