Varanasi: राजातालाब में गलत दिशा से आ रही कार ने बाइक को मारी टक्कर, पति की मौत और पत्नी गंभीर |
राजातालाब ओवरब्रिज के पास दर्दनाक हादसा; पत्नी के साथ मिर्जामुराद जा रहे 55 वर्षीय राजाराम सिंह की इलाज के दौरान मौत; कार चालक वाहन छोड़कर फरार।
भदैनी मिरर क्राइम/लोकल डेस्क, वाराणसी। धर्मनगरी वाराणसी के राजातालाब थाना क्षेत्र अंतर्गत जक्खिनी इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। राजातालाब ओवरब्रिज के आगे गलत दिशा (Wrong Side) से आ रही एक अनियंत्रित कार ने बाइक सवार दंपत्ति को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में बाइक सवार पति की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हैं।

घटना के बाद आरोपी कार चालक अपना वाहन मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।
पति-पत्नी जा रहे थे मिर्जामुराद, रास्ते में हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजातालाब थाना क्षेत्र के गजापुर गांव निवासी 55 वर्षीय राजाराम सिंह रविवार को अपनी पत्नी संजू सिंह के साथ मोटरसाइकिल से मिर्जामुराद जा रहे थे।
जैसे ही वे राजातालाब ओवरब्रिज से आगे बढ़े, तभी सामने से गलत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में सीधी और जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों पति-पत्नी सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से लहूलुहान हो गए।
अस्पताल में तोड़ा दम, बेटे ने दी तहरीर
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची राजातालाब थाना पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए भदवर स्थित निजी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।
अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने उन्हें बचाने का हर संभव प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान राजाराम सिंह ने दम तोड़ दिया। वहीं उनकी पत्नी संजू सिंह का इलाज जारी है।
घटना के बाद मृतक के पुत्र संस्कार वर्मा ने राजातालाब थाने में अज्ञात कार चालक के खिलाफ लिखित तहरीर दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार कार चालक की तलाश और विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
